बरेली: पांच साल अवैध परामर्श केंद्र चलवाती रही पुलिस, अब सीओ ने कराया बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज सर्किल के सुने जा रहे थे पारिवारिक विवाद, काउंसलरों की सिफारिश पर कई एफआईआर भी हुईं दर्ज

बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज में पुलिस की छत्रछाया में पांच साल तक अवैध परिवार परामर्श केंद्र चलता रहा। इस बीच यहां सात सौ से ज्यादा विवाद निपटाए गए। परामर्श केंद्र के काउंसलरों की सिफारिश पर थाने में न सिर्फ कई एफआईआर दर्ज हुईं बल्कि जिला स्तर के अफसर यहां दर्ज होने वाले विवादों की भी समीक्षा करते रहे।हाल ही में जब पता लगा कि परामर्श केंद्र बगैर किसी अनुमति के चल रहा है तो उसे बंद करा दिया गया।

नवाबगंज में वर्ष 2018 में तत्कालीन इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने यह परामर्श केंद्र शुरू कराया था। इसके लिए पांच पुरुष और एक महिला काउंसलर का पैनल बनाया गया था। शुरुआत में इसे तहसील परिसर में स्थापित किया गया था, बाद में लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया। इस परामर्श केंद्र पर नवाबगंज के अलावा थाना हाफिजगंज, भोजीपुरा और क्योलड़िया में आने वाली पारिवारिक विवादों से संबंधित शिकायतें सुनी जा रही थीं। रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले पांच सालों में इस केंद्र में कुल मिलाकर 705 विवादों में सुनवाई की गई।

इनमें से कई मामलों में समझौता कराया गया तो कई मामलों में काउंसलरों की संस्तुति पर एफआईआर भी दर्ज कराई गईं। परामर्श केंद्र में आने वाले विवादों की एसपी ट्रैफिक के स्तर पर लगातार समीक्षा भी की जाती रही। हाल ही में पता लगा कि यह परामर्श केंद्र अवैध रूप से शुरू किया गया था और इसके लिए अनुमति तक नहीं ली गई थी। इस पर सीओ नवाबगंज हर्ष मोदी ने इसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
परामर्श केंद्र बंद होने से मायूस हुए काउंसलर

परिवार परामर्श केंद्र को अवैध बताकर अचानक बंद करा दिए जाने से काउंसलरों में मायूसी का माहौल है। काउंसलर संजीव गुप्ता का कहना है कि पांच साल पहले तत्कालीन इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने उनके साथ कामेश पांडेय, अधिवक्ता सुधाकर रस्तोगी, आदेश कुमार, माहिर अली के अलावा भाजपा नेता विमला शुक्ला को काउंसलर नामित किया था। यह पैनल पारिवारिक मामलों को सुनकर परिवारों को टूटने से बचाने के लिए निस्वार्थ काम कर रहा था। इसे अवैध बताकर बंद करा दिए जाने से सभी काउंसलर हतप्रभ हैं। उधर, एसपी देहात मुकेश चंद ने बताया कि उन्हें नवाबगंज में चल रहे परामर्श केंद्र की जानकारी नहीं है।

यहां परामर्श केंद्र अवैध तरीके से चलाया जा रहा था। इसी कारण उसे बंद करा दिया गया है। पुलिस लाइन में परामर्श केंद्र है जहां इस तरह के मामले निस्तारण के लिए भेजे जाते हैं - हर्ष मोदी, सीओ नवाबगंज।

ये भी पढ़ें- बरेली: दहशत में रहे लोग मगर नगर निगम की टीम को नहीं मिले खूंखार कुत्ते

संबंधित समाचार