Kasganj News: मां बीमार है, पत्नी गर्भवती... जिम्मेदार नहीं दे रहे वेतन, कर्मचारी ने खाया जहरीला पदार्थ

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

कासगंज, अमृत विचार। मां बीमार है। पत्नी गर्भवती है। पालिका के जिम्मेदार वेतन नहीं दे रहे हैं। जिससे आजीविका चलाना मुश्किल हो रहा है। यह आरोप लगाकर स्वयं को आर्थिक तंगी से जूझने का हवाला देते हुए पालिका के टैक्स इंस्पेक्टर ने विषाक्त का सेवन पालिका कार्यालय में कर लिया। 

अधिशासी अधिकारी कार्यालय के बाहर हाईप्रोफाइल ड्रामा हुआ। इसको लेकर पालिका में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पालिका कर्मी टैक्स इंस्पेक्टर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई गई। 

शहर के चित्रगुप्त कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय अभय पुत्र कुशनपाल नगर पालिका में टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। वह सोमवार दोपहर को मानसिक रूप से काफी पीड़ित दिखाई दिए और अधिशासी अधिकारी कार्यालय के बाहर खड़े होकर अन्य कर्मचारियों को बताते हुए उन्होंने विषाक्त का सेवन कर लिया। फिर क्या था कि खलबली मच गई और भगदड़ का माहौल हो गया। 

आनन-फानन में पालिका के अन्य कर्मचारी उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया। काफी देर तक उपचार किया। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं, लेकिन पूरी तरह हालत में सुधार नहीं है। टैक्स इंस्पेक्टर का आरोप है कि पालिका के जिम्मेदार पिछले तीन महीने से वेतन नहीं दे रहे हैं। पत्नी गर्भवती है, जबकि मां ललिता देवी बीमार चल रही है। इन दोनों की ही देखरेख के लिए रूपयों की जरूरत है, लेकिन पालिका इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। 

होती रही चर्चाएं 
टैक्स इंस्पेक्टर द्वारा विषाक्त का सेवन करने के बाद जहां एक ओर खलबली मची रही वहीं दूसरी तरफ पालिका कर्मचारियों में तरह तरह की चर्चाएं थी। अधिकारी इस घटना को लेकर बचते नजर आए है। 

एक कर्मचारी ने विषाक्त का सेवन कर लिया था। उसे उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। उसकी क्या समस्या है जानकारी की जा रही है। समाधान कराया जाएगा।- धर्मराज सिंह, अधिशासी अधिकारी

ये भी पढे़ं- कासगंज: राष्ट्रीय लोकदल की जिलाध्यक्ष को मिली जमानत, देह व्यापार करने का लगा था आरोप

 

संबंधित समाचार