Bareilly News: केरल और तेलंगाना की तर्ज पर बारात घरों को अभी नहीं मिली मंजूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोजीपुरा के तीन गांवों में 15 करोड़ से अत्याधुनिक बरात घर बनाने का भेजा है प्रस्ताव

बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा ब्लॉक के तीन गांवों में केरल, तेलंगाना की तर्ज पर संचालित होने वाले अत्याधुनिक बारात घरों की उम्मीदों को झटका लग सकता है। जिला पंचायती राज विभाग की ओर से भेजे गए प्रपोजल को अभी शासन से मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने में देरी और आचार संहिता लग जाने से मामला लंबा खिंच सकता है।

पिछले दिनाें भाेजीपुरा ब्लॉक के मुड़िया हाफिजनगर, खजुआ जागीर, बिलवा में पांच-पांच करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बारात घर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। यह बारात घर महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल की तर्ज पर संचालित होंगे। बारात घरों के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायताें की होगी। पंचायत राज विभाग की ओर से राजस्व विभाग से बातचीत करके जमीन की तलाश कर ली गई है। 

एक बरात घर के लिए 1500 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। बारात घर में पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे वाहनों को खड़ा करने में असुविधा न हो। बारात घरों का निर्माण इस हिसाब से होगा कि एक साथ 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए बड़े हाल का निर्माण किया जाएगा। बारात घर बुकिंग के लिए पैसे देने पड़ेंगे, इससे ग्राम पंचायतों को आमदनी भी होगी। मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।

भोजीपुरा ब्लॉक के तीन गांवों में महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल की तर्ज पर बारात घर संचालित करने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी का इंतजार है। बजट जारी होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया में कम से कम 21 दिन लग जाएंगे। समय से बजट आ गया तो निर्माण शुरू हो जाएगा-धर्मेंद्र कुमार, डीपीआरओ।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: 'जानबूझकर चुना जुमे का दिन, दो समुदायों को बांटने का हो रहा घिनौना प्रयास', मौलाना तौकीर पर BJP नेता का हमला

संबंधित समाचार