Pilibhit News : मंत्री जी! घर पर हुई फायरिंग, पुलिस ने झुठलाया...नहीं लिखी FIR, भाजपा सभासद ने सुनाया दुखड़ा
पीलीभीत, अमृत विचार। महिला सभासद के मकान में घुसे संदिग्ध द्वारा फायर करने का मामला भले ही कोतवाली पुलिस ने झुठला दिया। मगर सभासद ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार से शिकायत की। सीओ सिटी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद राज्यमंत्री ने फटकार लगाते हुए सीओ सिटी को प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। अब पुलिस ने पीड़ित सभासद से तहरीर मांगी है।
शहर के वार्ड नंबर 26 से लगातार छठवीं बार सभासद चुनी गई मोहल्ला मोहतसिम खां निवासी पुष्पा उपाध्याय ने मंगलवार को राज्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सात फरवरी की रात उनके मकान की छत पर एक युवक चढ़ गया। छत पर बने कमरों में कीमती सामान भी रखा रहता। जब परछाई दिखाई दी तो परिवार वालों ने शोर मचाया। इस पर भागते वक्त आरोपी तमंचे से फायर करके दहशत फैलाता निकल गया। कुछ ही दूरी पर स्थित एक मकान में अक्सर देखे जाने वाले युवक पर संदेह जाहिर किया।
उन्होंने बताया कि सूचना पुलिस को दी गई। आसपास के तमाम लोग जमा हो चुके थे। मगर पुलिस ने इस वारदात को झुठलाते हुए टाल दिया। किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीओ सिटी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। महिला सभासद की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री ने सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिसके बाद अब पुलिस ने तहरीर मांगी है। उधर, सभासद का कहना है कि उनके घर से कोई सामान चोरी तो नहीं हुआ, मगर घटना जागरूकता से टल गई। ऐसे में आरोपी पर कार्रवाई होना जरूरी है। ताकि मकसद का पता चल सके।
ये भी पढ़ें- Pilibhit News: कॉल रिसीव ना करने पर पूर्व चेयरमैन और दरोगा भिड़े, थाने से सड़क तक हंगामा...वीडियो वायरल
