Unnao में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे 42 हजार परीक्षार्थी, CCTV की निगरानी में रहेंगे केंद्र
उन्नाव में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे 42 हजार परीक्षार्थी
उन्नाव, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार में पुलिस की सबसे बड़ी सिपाहियों की भर्ती की परीक्षा आगामी 17 और 18 फरवरी को होनी है। उन्नाव में 24 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं जहां करीब 42 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिये भर्ती बोर्ड के द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र चयनित कर दिये गये हैं।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगा दी गयी है, साथ ही एसटीएफ की टीम लगातार नजर बनाये है। जिससे साल्वरों और परीक्षा में धांधली करने वालों को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिये गये हैं कि परीक्षा में लगे पुलिसकर्मी समय से ड्यूटी पर पहुचेंगे। परीक्षा दो पालियों में दो दिन होगी। जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी है वह अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचेंगे।
यदि किसी कर्मी की ड्यूटी सम्बंधित लापरवाही पायी जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगाये जायेगे। उन सीसीटीवी की मॉनिटरिंग उन्नाव पुलिस लाइन से की जायेगी।
जिसमें इंस्पेक्टर रैंक के कर्मचारी नियुक्त किये गये हैं। जो की चार पॉलियो में होने वाली परीक्षा पर नजर बनाये रहेंगे। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिले के चौबीस परीक्षा केंद्रों पर तेरह इंस्पेक्टर व दस दरोगा और एक महिला इंस्पेक्टर को तैनात किया गया है।
इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने की नहीं है अनुमति
परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में करायी जा रही है। डीएम अपूर्वा दुबे ने सभी नोडल अधिकारियों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिये कि व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूरी हो। जिससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या न आये। परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों को अपने साथ किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण, कैलकुलेटर, रूल, मोबाइल फोन, कैलकुलेटरयुक्त इलेक्ट्रानिक घड़ी आदि ले जाने की अनुमति नहीं है।
डेढ़ घंटे पहले एंट्री, जैमर लगेगा
17 और 18 अक्टूबर को होने वाली पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी किये गये निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगेगा। जिससे कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस काम नहीं करेगी। इसके साथ केंद्रों पर पहुंचने वाले परीक्षार्थी भी निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले पहुंचेंगे।
एक पाली में साढ़े दस हजार बच्चे होंगे शामिल
उन्नाव में 24 परीक्षा केंद्रों में लगभग 42 हजार 336 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की कोई समस्या न हो इस पर भी प्रशासन की ओर से तमाम व्यवस्थाएं की गयी हैं। जाम न लगे इसके लिये यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त रहेगी। सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद रहेगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: बसंत पंचमी पर इस बार बने दो शुभ योग; इस वस्तु की खरीदारी होगी विशेष लाभदायी... जानें...
