Bareilly News: शादी का झांसा देकर महिला से एक साल तक दुष्कर्म, SSP के आदेश पर FIR
सांकेतिक फोटो
बरेली/कैंट, अमृत विचार: कचहरी पर मिली महिला को युवक ने प्रार्थना पत्र लिखवाने के बहाने कमरे पर बुलाया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद एक साल तक अपने साथ रखा। इस बीच गर्भपात भी कराया। आरोप है कि लाखों के जेवर हड़प कर घर से निकाल दिया। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि दिसंबर 2022 में उसकी मुलाकात विकास माथुर से कचहरी पर हुई थी। युवक ने महिला को प्रार्थना पत्र लिखवाने के बहाने कैंट के कांधरपुर में अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो युवक ने शादी का झांसा दिया। इसके बाद युवक ने महिला को अपने साथ रखा। इस बीच कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला गर्भवती हो गई तो रामपुर गार्डन में एक अस्पताल में ले जाकर 18 अप्रैल 2023 को गर्भपात करा दिया।
इस दौरान युवक ने उसे कई जगह रखा। 12 फरवरी को मारपीट व गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं करीब ढाई लाख रुपये के जेवर भी हड़प लिए। कहीं शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। महिला ने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने मंगलवार देर रात विकास माथुर के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: मेयर-सांसद का सीएम को पत्र, सपा के करीबी एसडब्ल्यूसी आरएम को हटाएं
