देवरिया: विभिन्न दलों के करीब पांच हजार लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता
देवरिया। आगामी लोकसभा चुनाव के बीच उत्तर प्रदेश के देवरिया में विभिन्न दलों के करीब पांच हजार लोगों ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की सदस्यता ली। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी ने यहां बताया कि आज पार्टी कार्यालय पर विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में लोगों ने भाजपा में शामिल होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय पर सदर सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने भारी संख्या में लोगों को सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने पार्टी में नए शामिल सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा अपने वसूलों, सिद्धांतों और नीतियों से आज विश्व की सबसे बड़ी और शक्तिशाली पार्टी है। पार्टी का हर कार्यकर्ता निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है,जहां कार्यकर्ता अपने कार्य और पार्टी के प्रति अपने समर्पण के माध्यम से फर्श से अर्श तक पहुंच सकता है।
इस अवसर पर सदर विधायक ने सभी को शुभकामनाएं दी और पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है,जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्पित है।
भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष श्री अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए थे। उन्होंने कहा “मैं आशा करता हूं कि आप सभी जो अब हमारे परिवार के सदस्य बन चुके हैं और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण रखेंगे।”
यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: पाइप लाइन डालने से रोकना डिप्टी रेंजर को पड़ा भारी, निलंबित
