Bareilly News: दोहना टोल प्लाजा की दस लेन, चला रहे हैं सिर्फ छह, जाम झेल रही है जनता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फास्टैग कलेक्शन न होने से भी मुसीबत, अक्सर किलोमीटरों तक लग जाती है वाहनों की कतार

बरेली, अमृत विचार। दोहना में बना टोल प्लाजा नैनीताल रोड पर गुजरने वालों के लिए मुसीबत बन गया है। टोल कलेक्शन के लिए यहां दस लेन हैं लेकिन उनमें से सिर्फ छह चलाई जा रही हैं, इनमें से भी दो लेन इमरजेंसी वाहनों के लिए आरक्षित कर रखी हैं। ऊपर से फास्टैग के बजाय टोल की वसूली भी कैश में की जा रही है। इस वजह से यहां रोज जाम लग रहा है। बृहस्पतिवार को भी यहां वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं।

नकद लेनदेन के दौरान अक्सर टोल प्लाजा के कर्मचारियों और वाहन चालकों के बीच कहासुनी भी हो जाती है। इस बीच वाहनों की रफ्तार थमी रहती है। कई बार खुले पैसों की कमी समस्या बन जाती है। टोल प्रबंधक का कहना है कि सड़क का निर्माण पीपीपी मॉडल के तहत हुआ है। उस वक्त कंपनी से अनुबंध में फास्टैग से टोल टैक्स वलूसने की शर्त नहीं थी। कार्यदायी संस्था के रूप में आगरा की पीएनसी कंपनी 2015 से टोल टैक्स वसूल रही है। तभी से नकद टैक्स ही वसूला जा रहा है। एनएच के टोल प्लाजा पर फास्टैग की व्यवस्था है, स्टेट हाईवे अथारिटी ने इसको लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं।

बृहस्पतिवार को लगे जाम पर टोल प्रबंधक ने सफाई दी कि भोजीपुरा की ओर जाने वाली पांच लेन में से एक लेन पर काम चलने की वजह से वाहन तेजी से नहीं निकल पा रहे हैं। जाम में फंसे कर्मचारी नगर के दिव्यप्रकाश ने बताया कि वह बहेड़ी जा रहे हैं लेकिन दो लेन बंद होने की वजह से करीब आधा घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। राजनगर के अजय ने बताया कि टोल पर जाम की समस्या रोज की है। एक वाहन के नकद भुगतान में दो-तीन मिनट लगते ही हैं। इतने में वाहनों की लाइन लग जाती है। भोजीपुरा के सूरज गोस्वामी ने कहा कि बरेली से भोजीपुरा के बीच वह रोज कार से आते-जाते हैं। यहां रोज जाम लगा रहता है।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: दहेज न देने पर महिला की गला दबाकर हत्या की कोशिश, पति समेत 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार