किसानों के भारत बंद के समर्थन में उतरी कांग्रेस, जिलाध्यक्ष बोले-अराजकता के दौर से गुजर रहा देश
सुलतानपुर, अमृत विचार। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से शुक्रवार को भारत बंद को लेकर शहर के राजीव गांधी पार्क (तिकोनिया पार्क) में धरना प्रदर्शन चला रहा था, इसका कांग्रेस ने पूर्ण रूप से समर्थन कर दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता जिला कमेटी कार्यालय से निकालकर राजीव गांधी पार्क पहुंचे। जहां सैकड़ा की संख्या में संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता व नेता भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। किसान संगठनों ने शुक्रवार को भारत बंद की घोषणा की थी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री के आवाह्न पर देश के हजारों लाखों किसानों व नौजवानों ने अपने प्राण की आहुति देकर देश को आजाद कराया, लेकिन आज देश का दुर्भाग्य है कि किसानों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। सत्ता में बैठे लोग चुनाव के समय तो खुद को किसान का बेटा कहते थे और आज उन्हें दुत्कार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण आज देश अराजकता के दौर से गुजर रहा है। किसान एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए सड़कों पर हैं। देश का युवा रोजगार के लिए सड़कों पर उतरने को बाध्य है। अग्निवीर योजना से लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। आम जनता के हितों के विपरीत नीतियां लागू की जा रही हैं। कानून लाकर कभी ट्रक ऑपरेटरों को तो कभी आम जनता को, छोटे व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस देश के उन तमाम तबकों के साथ खड़ी है, जो परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं। राहुल गांधी बिना किसी नफा नुकसान के हमेशा किसानों के हित की सोचते हैं। इस मौके पर नफीस फारुकी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, अपरबल सिंह, राहुल त्रिपाठी, सलाउद्दीन हाशमी, तेज बहादुर पाठक, सुब्रत सिंह सनी, ओमप्रकाश त्रिपाठी, मो मोबीन अहमद, मनोज कुमार तिवारी, रणजीत सिंह सलूजा, मोहसिन सलीम, योगेश पांडेय, नंदलाल मौर्य, मीनू यादव, मो इमरान खान आदि रहे।
ये भी पढ़ें -यूपी में प्रवेश की राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' चंदौली में कार्यकर्ता ने किया जोरदार स्वागत
