हरदोई में LIC एजेंट के घर घुसे चोर, चोरी कर खेत में फेंके खाली बक्से

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। एलआईसी एजेंट के घर घुसे चोरों ने पहले तो बाहर से दरवाज़े बंद कर दिए,उसके बाद वहां रखे बक्सों में से माल-ज़ेवर पार कर दिया। आहट पर आंख खुली तो तीन चोर घर के अंदर थे,शोर मचाने पर वहां से भाग निकले। बाहर खेतों में दो खाली बक्से पड़े देखे गए, जबकि एक गायब है। पुलिस सारे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

बताया गया है कि साण्डी थाने के गांधी गांव निवासी एलआईसी एजेंट बृजमोहन सिंह का नाम अच्छे काश्तकारों में शुमार है। बताते हैं कि गुरुवार की रात वह अपने परिवार के साथ गहरी नींद में सोया हुआ था। देर रात को आहट होने पर आंख खुल गई। बृजमोहन ने वजह जानने के लिए जब दरवाज़ा खोलना चाहा,तो वह बाहर से बंद था। पुत्र गौरव के मुताबिक दरवाज़े के दरीचे से देखा तो सामने तीन लोग दिखाई दिए। उसके शोर मचाने पर आस-पड़ोसियों की नींद टूट गई। गांव में हर तरफ से चोर-चोर का शोर हो गया,उसी बीच चोर दूसरे कमरों में रखे तीन बक्से उठा कर वहां से रफू-चक्कर हो गए। यूपी-112 पर कॉल करने पर पीआरवी टीम के अलावा इलाकाई पुलिस भी पहुंच गई। 

बृजमोहन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह कृष्ण मुरारी के खेत में कुछ सामान और दो खाली बक्से पड़े हुए देखे गए। जबकि एक बक्सा अभी भी गायब है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में चार सोने की मोहर,एक अंगूठी,एक जोड़ी चांदी की पायल,कीमती कपड़े और नगदी चोरी होने की बात कही है। इस बारे में एसएचओ साण्डी छोटेलाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है। मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें -UP Police recruitment exam : श्रावस्ती में एक्टिव रहे डीएम और एसपी, परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा

संबंधित समाचार