Bareilly News: कुतुबखाना ओवरब्रिज से पत्थर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल का निर्माण जल्द पूरा करने की वजह से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसकी वजह से रविवार दोपहर बाजार में खरीददारी करने आई महिला के सिर पर पुल से पत्थर गिर गया, जिससे उसका सिर फट गया। व्यापारियों ने घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला के सिर में दो टांके आए हैं। घटना को काफी देर तक अधिकारी और ठेकेदार दबाने में जुटे रहे। इससे पहले भी पुल निर्माण में लापरवाही से दो लोगों की जान जा चुकी है।
कर्मचारी नगर के मनोज कुमार एक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मधु रविवार दोपहर कुतुबखाना बाजार में खरीदारी करने गईं थी। जिला अस्पताल के पास वह पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अचानक पुल से पत्थर उनके सिर पर गिरा। कुछ देर में ही वह बेहोश हो गईं। व्यापारियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में टांके लगाने के बाद परिजनों के अनुरोध पर चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। महिला ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में लापरवाही से उसके ऊपर ईंट गिरी। वहीं कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने पहले तो घटना से इन्कार किया लेकिन बाद में महिला की ही गलती बता दी।
पिछले साल हुए हादसों से भी नहीं लिया सबक
कुतुबखाना पुल के निर्माण में सेतु निगम, कार्यदायी संस्था और स्मार्ट सिटी के अभियंताओं की सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। रविवार को कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और प्रोजेक्ट मैनेजर ने हादसे की सूचना अधिकारियों को तक नहीं दी।
इससे पहले 18 जुलाई 2023 को घंटाघर के पास शटरिंग खोलते समय चादर गिरने पर लोग बाल-बाल बचे थे। इससे पहले 8 अप्रैल को कुमार टॉकीज और इंदिरा मार्केट के बीच लोहे की चादर गिरने से एक महिला घायल हुई थी। तीन सितंबर 2023 को मजदूर धनंजय की मौत हो गई थी। एक हादसे में ठेकेदार सुधीर की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- महिलाओं को ब्रेस्टफीडिंग न कराना पड़ सकता है भारी, यह ले सकता है ब्रेस्ट कैंसर का रूप
