इमरान प्रतापगढ़ी बोले-कांग्रेस का चल रहा पतझड़, इसके बाद बहार आएगी
देल्हूपुर से प्रतापगढ़ में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा
प्रतापगढ़/ अमृत विचार। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा में प्रधानमंत्री के झूठ का पर्दाफाश हो रहा है। इसका परिणाम आने वाले लोकसभा चुनाव में दिखाई पड़ेगा।
राज्यसभा सदस्य इमरान रविवार की शाम कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा सोमवार को प्रतापगढ़ जिले में आ रही है। यात्रा का जिले में ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा जाएगा। देल्हूपुर में वह स्वयं यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा जनपद मुख्यालय होते हुए लालगंज के सांगीपुर, अठेहा तक जाएगी। इमरान ने कहा कि केंद्र सरकार हर मुद्दे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। सरकार का बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा, बेरोजगारों को रोजगार देने का दावा खोखला साबित हुआ है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में जाने के कयास पर इमरान ने कहा कि कमलनाथ अपने को इंदिरा गांधी का तीसरा बेटा बताते थे, यदि ऐसा है तो वह अपनी मां को धोखा नहीं दे सकते। कई अन्य कांग्रेस के नेताओं के भाजपा में जाने पर उन्होंने कहा कि यह पतझड़ का मौसम चल रहा है इसके बाद बहार आएगी। अपनी शायरी में इमरान प्रतापगढ़ी ने राहुल का साथ कभी न छोड़ने की बात कही। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा.लाल जी त्रिपाठी, डा. नीरज त्रिपाठी, दानिश माबूद, अब्दुल माबूद, महेंद्र शुक्ल,गल्ली तिवारी,इरफान अली,वेदांत आदि मौजूद रहे।

देल्हूपुर से प्रतापगढ़ में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को सुबह आठ बजे देल्हूपुर में प्रतापगढ़ की सीमा में प्रवेश करेगी। वहां पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा.लालजी त्रिपाठी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दानिश माबूद समेत कांग्रेसी राहुल का स्वागत करेंगे। इसके बाद यात्रा विश्वनाथगंज भुपिया मऊ चौराहा, भगवा चुंगी, चौक घंटाघर, पुलिस लाइन तिराहा होते हुए आंबेडकर चौराहा पहुंचेगी। यहां से यात्रा सुखपाल नगर, मोहनगंज, सगरा सुंदरपुर होते हुए रामपुर खास में लालगंज से सांगीपुर व अठेहा पहुंचेगी। राज्य सभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी, विधायक आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में उनका स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. लालजी त्रिपाठी ने बताया कि जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। उनकी जिले में कोई जनसभा नहीं होगी। वह वह रोड शो करेंगे। गांधी इंटर कालेज सांगीपुर में नाश्ता करने के बाद अठेहा होते हुए गौरीगंज अमेठी जाएंगे। गौरीगंज में उनकी जनसभा होगी।
ये भी पढ़ें -राहुल गांधी का भाजपा पर वार, 'डबल इंजन सरकार मतलब बेरोजगारों पर डबल मार!'
