रायबरेली: बेटे की ट्रेन से कटकर मौत-मां बदहवास, मजदूरी करने जा रहा था पंजाब   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खीरों/ रायबरेली, अमृत विचार। अपने साथी श्रमिकों के साथ ईंट भट्ठे में मजदूरी करने जा रहा खीरों क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी एक युवक मंगलवार की रात ऊंचाहार एक्सप्रेस के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ट्रेन के चालक ने तकिया स्टेशन पहुंचकर घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना स्वजनों को मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां बदहवास हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर गांव में मातम छा गया और सभी की आंखें नम हो गईं। 
       
खीरों क्षेत्र के गांव मोहनपुर मजरे लोदीपुर निवासी राम मोहन यादव और उनका बेटा राज बहादुर यादव पंजाब के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे। पिता राम मोहन पंजाब में ईंट भट्ठे पर ही था और बेटा राज बहादुर यादव (25) अपने गांव और आसपास के गांवों के कई श्रमिकों के साथ ऊंचाहार एक्सप्रेस से ईंट भट्ठे में मजदूरी करने पंजाब जा रहा था। वह अपने साथियों सहित रघुराजसिंह रेलवे स्टेशन पर ऊंचाहार एक्सप्रेस में सवार हुआ। जैसे ही ट्रेन रघुराजसिंह स्टेशन से आगे बढ़ी, तभी डिब्बे में अधिक भीड़ होने के कारण किसी ने उसे धक्का दे दिया। जिससे वह नीचे गिरने लगा तो उसने एक हाथ से  दरवाजे की रॉड को पकड़कर खुद को बचाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ ही देर में उसका हाथ छूट गया और वह ट्रेन के नीचे आकर कट गया। 

ट्रेन के चालक ने तकिया स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। रेलवे से मिली सूचना के आधार पर खीरों पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से मृतक की मां रानी यादव, पिता राम मोहन यादव, भाई अमरेश यादव, शिवम यादव, बहन नीशू यादव सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: इस ऐतिहासिक इमारत में सचमुच है भूतों और जिन्नों का बसेरा? आखिर किस अंजान आहट से सिहर जाते हैं लोग...

संबंधित समाचार