बदायूं: खेत पर टूटे पड़े एचटी लाइन के तार की चपेट में आया युवक, करंट लगने से हुई मौत
फोटो- कोतवाली बिसौली में खड़े मृतक राजेश के परिजन।
बिसौली, अमृत विचार: खेत में टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने विद्युत विभाग के जेई की लापरवाही से युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव जरारा निवासी राजेश यादव (25) पुत्र धूम सिंह बुधवार को शौच के लिए गांव निवासी नरेश पुत्र मदनलाल के खेत पर गए थे। खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। राजेश तार के संपर्क में आ गए। करंट लगा और मौके ही उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की। शाम लगभग पांच बजे उनका शव खेत में मिला।
शव तार के ऊपर पड़ा था। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। विद्युत सप्लाई बंद कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। राजेश चाचा रमेश यादव और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने विद्युत विभाग के जेई पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि नरेश के खेत में तार टूटने पर विद्युत विभाग को इस बात की जानकारी दी गई थी। कहा था बिजली सप्लाई बंद करा दो या तार सही करा दो। इसके बाद भी न तो लाइन बंद की गई और न ही तारों को दुरुस्त किया गया।
यह भी पढ़ें- बदायूं: राष्ट्रीय सचिव योगेंद्र तोमर का इस्तीफा, बोले- अखिलेश यादव ने पीएडी बनाकर अलग कर दी सामान्य जाति
