लखनऊ: kgmu की मर्च्युरी पर इन साहब का चलता है सिक्का, मन मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट चाहिए तो इनसे मिलिए...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। परेशान न हो हमारी यहां (केजीएमयू की मर्च्युरी) के पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों से पूरी सेटिंग है। बल्कि, इतना ही नहीं शव की पैकिंग सम्बंधित सामान और ट्रॉमा सेंटर की पुलिस चौकी से पंचायतनामा सम्बंधित सभी कागजात सेंटिंग से बनवाने की भी मेरी जिम्मेदारी है। आपको सिर्फ जेब ठीली (खर्च) करना है। यदि आप लापरवाही करते है, तो पोस्टमॉर्टम के लिए एक दिन का इंतजार करना पड़ेगा।

कुछ ऐसे ही शब्द केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में अपनों को खोने वाले परिजनों से यहां का एक शख्स करता है। आरोपी खुद को केजीएमयू का कर्मचारी बताता है। झांसे में आने के बाद आरोपी खुलेआम उनसे सुविधा शुल्क के नाम पर धन उगाही करता है। आरोपी ने ऐसे ही बलरामपुर जिले के एक पीड़ित को गत 18 फरवरी को झांसे में लेकर वसूली कर ली। आरोपी ने और रुपयों की मांग को लेकर लगातार पीड़ित परिवार को कॉल कर परेशान कर रहा है। शुक्रवार को आरोपी और पीड़ित युवक के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

दरअसल 17 फरवरी को सुल्तानपुर हाईवे पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस की मदद से उसे अयोध्या के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां हालत नाजुक होने पर केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। 18 फरवरी को घायल की ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक के परिजनों में शामिल एक युवक ने बताया कि मृतक कभी -कदार शराब का भी सेवन कर लेता था। इसको लेकर वह लोग आपस में ही चर्चा कर रहे थे। तभी एक युवक उनके पास आया उसने खुद को केजीएमयू का कर्मचारी होने का परिचय दिया। आरोपी ने अपने नाम के आगे अवस्थी जोड़ रखा था । उसने दवा किया कि मर्च्युरी में उसे अवस्थी के नाम से ही लोग जानते है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शराब का जिक्र हुआ तो नहीं मिलेगा बीमा का क्लेम

परिजनों ने बताया कि कथित अवस्थी ने कहा कि उसने शव का परीक्षण किया है। मृतक घटना के समय शराब का सेवन किए हुए था। यदि चाहो तो पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों से सेटिंग करके रिपोर्ट मनमुताबिक बनवा देगा। इसके लिए आरोपी ने 20 हजार रूपये की मांग की।

हालंकि, बाद में वह 10 हजार रूपमें में काम कराने को राजी हो गया। झांसे में आए परिजनों ने दो हजार रूपये भी उसे थमा दिए। शेष आठ हजार रूपये घर पहुंचकर ऑनलाइन भेजने की बात हुई। जिसके बाद से आरोपी शेष रकम डॉक्टरों को देने का हवाला देकर मांग कर रहा है, इतना ही नहीं रूपये न देने की स्थिति में आरोपी धमकी भी दे रहा है।

मामले का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी पर शव रखने के लिए मिलने वाले बैग और पन्नी देने के एवज में 500 रूपये भी वसूलने का आरोप लगा है। जबकि, शव पैकिंग बैग निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।

जब तक कागज बन रहे पांच गिलास जूस ले आओ

पीड़ित परिजनों ने बताया कि राजधानी के अस्पतालों और पुलिस चौकी में भी ऐसे हालत हैं देख कर मन विचलित हो गया। परिजनों ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर वह जल्द ही अपने बलरामपुर जिले में स्थित गांव पहुंचना चाहते थे। ट्रॉमा सेंटर की चौकी पर उन्होंने जल्द सम्बंधित कागजात देने की गुहार लगाई तो बिचौलियों को सक्रिय कर दिया गया।

यह शख्स चौकी पर ही पुलिस कर्मियों के साथ बैठा था। उसने जल्दी कागजात तैयार कराने के लिए रुपयों की मांग की। परिजनों कि मुताबिक़ सबसे खराब उस समय लगा, जब आरोपी ने कहा कि जब तक रिपोर्ट बन रही है तब तक साहब लोगों के लिए पांच गिलास जूस ले आओ। मजबूर होकर जूस लाना पड़ा।

चौकी पर यदि बाहरी लोग बैठ रहे हैं तो जांच करवाकर कार्रवाई सुनुश्चित कराई जाएगी। पुलिस कर्मियों की संलिप्तता मिलती है तो उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

                                                                                                                                   राजकुमार सिंह, एसीपी, चौक

यह भी पढे: पार्टी कार्यालय लखनऊ से बोल रहा, डीएम साहब मेरे परिचित जा रहे काम कर दिजिएगा...

संबंधित समाचार