Kanpur Dehat News: एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को पकड़ा...जमीन के मामले में किसान से ले रहा था रिश्वत
कानपुर देहात में किसान से रिश्वत लेते लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
कानपुर देहात, अमृत विचार। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की टीम ने शनिवार को राजपुर के सिलहरा मार्ग से एक लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई जमीनी मामले में लेखपाल द्वारा रिश्वत लेने के दौरान की। घटना से प्रशासनिक अमले में भी खलबली मच गई है। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सिकंदरा तहसील क्षेत्र के दमनपुर गांव निवासी किसान मन्ना सिंह पुत्र स्वर्गीय सूबा सिंह ने जून 2023 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कानपुर टीम से शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन बंटवारे का सिकंदरा तहसील में वाद दाखिल किया था। खेत का कुराबंदी व बंटवारे करने के एवज में लेखपाल संजीव कुमार बीस हजार रुपये रिश्वत की मांग रहा था। शिकायत पर टीम लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ने के लिए निगरानी करने लगी।

लेखपाल संजीव कुमार दमनपुर के अलावा खोजा रामपुर, रमऊ हल्के के लेखपाल हैं। शनिवार को लेखपाल रमऊ गांव से फसल सर्वेक्षण कार्य के बाद साथी लेखपाल सानू शुक्ला के साथ अपनी निजी कार से लौट रहा था। तभी राजपुर थाना से कुछ कदम दूरी पर सिलहरा मार्ग पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की टीम ने लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार मिश्रा ने बताया कि लेखपाल ने किसान को रिश्वत के लिए सिलहरा मार्ग पर बुलाया और अपनी कार की पिछली सीट पर बैठा लिया। इस दौरान लेखपाल को किसान से 18 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ अकबरपुर कोतवाली ले गई है। आरोपी लेखपाल संजीव कुमार के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने के बाद टीम उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
राजपुर थाने में लेखपालों की जुटी भीड़
एंटी करप्शन टीम द्वारा राजपुर थाने के पास से लेखपाल को रिश्वत लेने के मामले में पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लेखपाल भी राजपुर थाने पर पहुंच गए। लेकिन एंटी करप्शन टीम स्थिति को भांपकर आरोपी लेखपाल को आगे की कार्रवाई के लिए अकबरपुर कोतवाली लेकर रवाना हो गई। जिसके चलते राजपुर थाने पहुंचे लेखपाल एक-दूसरे से जानकारी करते देखे गए।
