सांसद मेनका गांधी ने दीवार पर बनाया कमल का फूल, कहा- साकार हो रहा सबका साथ-सबका विकास का मंत्र
सुलतानपुर, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका संजय गांधी ने दौरे के दूसरे दिन रविवार को मोतिगरपुर मंडल के पहाड़पुर फतुहा एवं लपटा में पार्टी के गांव चलो अभियान के तहत दीवार पर कमल का फूल बनाया और एक बार फिर से मोदी सरकार का स्लोगन लिखा। कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र को सरकार कर रही है। सरकार की योजना का लाभ हर तबके तक पहुंचा है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री की 125 से ज्यादा ऐसी स्कीम है जिसका टारगेट गांव, गरीब व किसान का विकास हैं। मोतिगरपुर विकासखंड के पहाड़पुर सरायभीखम गांव में ब्लॉक प्रमुख चन्दर प्रताप सिंह सिंह, डीडीओ अजय कुमार पांडेय, एसडीएम अरविंद कुमार, सीओ प्रशांत सिंह एवं अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ब्लॉक स्तरीय चौपाल लगाकर 144 फरियादियों की समस्याओं को सुना।

15 दिन में शिकायतों को निस्तारित करने के लिए प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान सांसद श्रीमती गांधी से पहाड़पुर सरायभीखम की कलावती व तारा देवी सोनी की तीन महीने से पुष्टाहार नहीं मिलने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीपीओ से फोन पर वार्ता कर तथा वहां मौजूद सीडीपीओ को फटकार लगाते हुए डीडीओ अजय कुमार पांडेय को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने भविष्य में प्रधानों को सूचित कर पुष्टाहार वितरित करने का भी निर्देश दिया।
सांसद ने अखंडनगर थाना अन्तर्गत दसऊपुर गांव जाकर स्व. इंद्रसेन एवं स्व. सूर्य प्रताप की आपसी रंजिश में हुई दुखद मृत्यु एवं कादीपुर खुर्द गांव के स्व. हेमंत मिश्रा की हर्ष फायरिंग से निधन होने पर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके पहले आवास पर सांसद श्रीमती गांधी ने जनता दर्शन के माध्यम से सैकड़ो फरियादियों की समस्याओं को निस्तारित किया। आज विभिन्न कार्यक्रमों में सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, जिला पंचायत सदस्य नन्दन चतुर्वेदी, प्रधान रणजीत वर्मा आदि रहे।
व्यापारियों से किया संवाद
नगर अध्यक्ष आकाश जायसवाल के संयोजन में जिला पंचायत सभागार में बड़ी संख्या में मौजूद शहर के व्यापारियों से सांसद मेनका गांधी ने संवाद करते हुए नगर को हरा-भरा और सुंदर बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, विजय प्रधान, प्रमोद अग्रवाल, सरदार बल्देव सिंह, हिमांशु मालवीय, अशोक गुप्ता, अंबरीश मिश्रा, अफजल अंसारी आदि रहे।
यह भी पढ़ें;-सुलतानपुर: अनुज के खेल से स्टेडियम प्रतापगढ़ बना चैंपियन, अनुज राय बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
