आगरा: न्याय यात्रा में दिखा सपा का दबदबा, पीछे छूट गया कांग्रेसियों का काफिला 

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

रंजीत गुप्ता, आगरा। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आगरा पहुंचते ही समाजवादी पार्टी का भी संगम हो गया। इंडिया गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस की 17 सीटों पर सहमति बनने के बाद यूपी में न्याय यात्रा के आखिरी पड़ाव पर अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के साथ रोड शो किया। 

WhatsApp Image 2024-02-25 at 8.30.17 PM (1)

रविवार को अलीगढ़ से शुरू हुई यात्रा दोपहर को जब आगरा पहुंची तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने लाव लश्कर के साथ यात्रा में शामिल हुए। समाजवादी पार्टी की ओर से यात्रा में पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक यात्रा की बस को भी शामिल किया गया। 

77

सम्माजवादी पार्टी का रहा दबदबा 
आगरा पहुंची यात्रा में समाजवादी पार्टी के शामिल होते ही यात्रा में जन सैलाब दिखाई देने लगा। यात्रा में कांग्रेस से ज्यादा समाजवादी पार्टी के झंडे और समाजवादी टोपी लगाए हजारों की तादाद में कार्यकर्ता दिखाई दे रहे थे।

नारे लगाने को लेकर कार्यकर्ताओं में मची होड़
न्याय यात्रा के आगरा पहुंचने से पहले मंच पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का बोलबाला दिखाई दिया। माइक हाथ में लेकर समाजवादी पार्टी के नेता वाजिद निसार और समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

वह लगातार समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद को कई बार बोलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नारे लगा रहे थे, लेकिन यात्रा के पहुंचते ही दोनों पार्टी के मंच संचालकों में थोड़ा विरोधाभास दिखा।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंच पर पहुंचकर दूसरा माइक संभाला और राहुल गांधी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद के साथ कांग्रेस जिंदाबाद के नारे जोर-शोर से लगने लगे। अजय कुमार लल्लू की आवाज और नारों के बीच समाजवादी पार्टी के नारे थोड़े कमजोर पड़ने लगे और कुछ ही देर बाद माल्यार्पण के बाद माइक प्रियंका गांधी ने संभाला। 

प्रियंका गांधी ने लोगों से इंडिया गठबंधन को वोट देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जो सरकार देश के संविधान को खत्म करना चाहती हैं, उसे उखाड़ फेंकने का काम करिए। इसके बाद प्रियंका गांधी ने माइक अखिलेश यादव के हाथों में सौंप दिया ।

न्याय यात्रा में राहुल की गाड़ी के पीछे चलने को लेकर भी होती रही कश्मकश
अंबेडकर चौक से माल्यार्पण के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव जीप में सवार हो गए। जीप के आगे बढ़ते ही गाड़ियों का काफिला उनके पीछे चल पड़ा। 

यहां पर समाजवादी पार्टी की गाड़ियों का काफिला राहुल की फ्लीट के बीच घुस गया, जिसको लेकर काफी कशमकश देखने को मिली। इस सब के बीच दूसरी जीप में सवार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत समेत तमाम वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के काफिले से काफी पीछे छूट गए। उन्हें यात्रा की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए सुरक्षा गार्ड और यात्रा के प्रबंधन दल के सदस्य जद्दोजहद करते हुए दिखाई दिए।

यह भी पढ़ें- आगरा: मोहब्बत के शहर में एक साथ दिखे यूपी के लड़के, अखिलेश बोले- भविष्य में लोकतंत्र-संविधान को बचाने की चुनौती

संबंधित समाचार