अयोध्या: निधि के नृत्यों व स्तुतियों ने दर्शकों का मोहा मन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

त्रियुगीनाथ की स्तुति, राजस्थान, उत्तराखंड और कथक के रंग भी बिखरे 

अयोध्या। राम कथा पार्क में सोमवार संध्या का आगाज लखनऊ के गुलशन चौधरी और  कलाकारों के राम भजन से हुआ। मानस की चौपाइयां राम सिया राम जय जय राम गाकर सभी को विभोर कर दिया।

अगली प्रस्तुति अनेश रावत के दल द्वारा राम स्तुति पर कथक नृत्य से हुई। कलाकारों ने राम रावण युद्ध के प्रसंग को लंका कांड की चौपाइयों के साथ प्रस्तुत किया। 

उत्तराखंड के कलाकारों ने आशुतोष नौटियाल के निर्देशन में बधाई नृत्य प्रस्तुत करके उत्तराखंड की परंपरा दिखाई। मोहिनी द्विवेदी और उनके साथी कलाकारों ने एक के बाद एक राम भजन प्रस्तुत करके श्रोताओं को अपने साथ नृत्य करने पर विवश कर दिया। 

पद्मश्री अनूप जलोटा की शिष्या मोहिनी द्विवेदी ने प्राण प्रतिष्ठा के अनुरूप धनी धनी चैत्र महिनवा और दशरथ के भइले ललनवा जैसे पारंपरिक सोहर प्रस्तुत किए। राजस्थान से आए हीरा नाथ के दल की नृत्यांगनाओं ने नृत्य करते हुए आंखो की पुतली से दो अंगूठियां उठा कर सभी को हतप्रभ कर दिया। 

लखनऊ की निधि श्रीवास्तव के दल के कलाकारों ने शास्त्रीय और लोक नृत्यों के अनूठे प्रयोग से गणेश वंदना और शिव स्तुति करके मंच पर गणपति और शिव के साक्षात दर्शन करा दिए। 

अंतिम प्रस्तुति उज्जैन से आए लोकगुंजन दल की रही। संचालन आकाशवाणी के उद्घोषक देश दीपक मिश्र ने किया। कलाकारों का सम्मान कार्यक्रम समन्वयक अतुल कुमार सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें: ...कभी नक्सलवाद थी चंदौली की पहचान, अब यहां बन रही देश की सबसे बड़ी स्टेट ऑफ आर्ट होलसेल फिश मार्केट

संबंधित समाचार