Etawah: संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला; ग्रामीणों ने जताई ये आशंका...
इटावा, अमृत विचार। कस्बे में स्थित एक दुकान पर मजदूरी करने घर से निकले युवक का शव बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के छिमारा मार्ग के रहने वाले 20 वर्षीय शेखर यादव उर्फ टीआई पुत्र रणवीर सिंह उर्फ(टल्ला) उर्फ़ नीलू मंगलवार को हर दिन की तरह बाजार में स्थित एक मिठाई की दुकान पर मजदूरी करने गया हुआ था। जब वह देर रात तक घर न लौटा तो परिजनों ने खोजबीन की तो वह नहीं मिला।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर खाली पड़ी भूमि पर स्थित पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। उसके गले में मफलर का फंदा लगा हुआ था। ये खबर जंगल में आग की तरह फैल गईं तो लोगों ने उसकी पहचान शेखर उर्फ टीआई के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। चर्चाओं का बाजार गर्म था कि मृतक युवक बहुत ही सीधा साधा था। आखिरकार उसने आत्महत्या करने का ये कदम क्यों उठाया।
ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सिटी इंचार्ज इमरान फरीद ने छानबीन कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मृतक युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि घटना की फोरेंसिक टीम द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सही जानकारी मिल सकेगी। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
