होमगार्ड्स जवानों के मृतक आश्रितों को 30 लाख मिली दुर्घटना सहायता राशि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 10-ए पर हरदोई जनपद में दुर्घटनावश जान गवाने वाले चार होमगार्ड्स स्वयं सेवकों के आश्रितों को सहायता राशि दी। इस दौरान एचडीएफसी बैंक द्वारा दुर्घटना बीमा के अंतर्गत दिये जाने वाली सहायता राशि (30-30 लाख रूपये) का चेक प्रदान किया गया। स्वर्गीय होमगार्ड जगतपाल सिंह की पत्नी श्रीमती लक्ष्मी गौतम, स्वर्गीय कौशल किशोर की पत्नी श्रीमती सरोज कुमारी, स्वर्गीय विक्रम की पत्नी श्रीमती राजेश्वरी, स्वर्गीय अनंग पाल की पत्नी श्रीमती रीता पाल को चेक प्रदान किया गया।
मंत्री ने कही ये बात
मंत्री प्रजापति ने कहा कि इसके अतिरिक्त 05-05 लाख रूपये की सरकारी सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोश के माध्यम से पहले ही इनको विभाग द्वारा दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स जवान यदि बैंक का एटीएम कार्ड प्रयोग करे तो 05 लाख रूपये दुर्घटना सहायता राशि के अतिरिक्त बैंक प्रदान करेगा। सभी जिला कमाण्डेंट को उन्होंने निर्देश दिये कि इसके बारे में होमगार्ड्स जवानों को जागरूक करें।
दुखद है मृत्यु
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि होमगार्ड्स जवान की मौत हो जाना दुखद है, परन्तु लगभग 40 लाख की सहायता राशि द्वारा कुछ हद तक उनकी आर्थिक मदद हो सकेगी। इन पैसो से उनके परिवार का भरण-पोषण, शादी-विवाह संबंधी कार्य परिवार कर सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा होमगार्ड्स जवानों के बेहतर जीवन यापन के लिए और भी अनेक कार्य विभाग द्वारा किया जा रहा है-जैसे वर्दी भत्ता, ट्रेनिंग भत्ता सीधे उनके खाते में दिया जा रहा है।
