Kanpur: शहरवासियों के लिए खुशखबरी: टाटमिल से घंटाघर के बीच शटल सेवा हुई शुरू; दोनों चौराहे होंगे ई-रिक्शा फ्री जोन...
जाम की समस्या से जूझ रहे शहर के प्रमुख चौराहों को ई-रिक्शा फ्री जोन करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कसी कमर
कानपुर, अमृत विचार। टाटमिल व घंटाघर चौराहे को ई-रिक्शा फ्री जोन करने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने शटल सेवा शुरू करा दी। बाकरगंज चौराहे पर एडीसीपी ट्रैफिक व एसीपी ने 45 टेंपो पर ‘घंटाघर सेवा’ का लोगो लगवाया। अब टाटमिल व घंटाघर जाने के लिए राहगीर इन्हीं टेंपों का इस्तेमाल करेंगे।
ई-रिक्शा चालकों की अराजकता के कारण जाम की समस्या से जूझ रहे शहर के प्रमुख चौराहों को ई-रिक्शा फ्री जोन करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। रामादेवी चौराहे को ई-रिक्शा फ्री जोन करने के बाद टाटमिल व घंटाघर चौराहे को चुना गया है।
घंटाघर चौराहे को ई-रिक्शा फ्री जोन करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने योजना को चार चरणों में विभाजित किया था। शनिवार से चौथा चरण अमल लाया गया। दक्षिण क्षेत्र की ओर से टाटमिल व घंटाघर चौराहे की ओर जाने वाले ई-रिक्शों पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। अब ई-रिक्शा टाटमिल की ओर नहीं जाएंगे।
ई-रिक्शा चालक सवारियां बाकरगंज चौराहे पर उतारेंगे, वहां से शटल सेवा के माध्यम से राहगीर टाटमिल व घंटाघर जाएंगे। एडीसीपी ने बताया कि ई-रिक्शा में चार से पांच सवारियां ही आती है, जबकि टेंपों में सात से आठ सवारियां आ जाएंगी। शटल सेवा के लिए 50 टेंपो का लक्ष्य रखा गया है, जो टाटमिल से घंटाघर तक सवारियां ले जाएंगे।
