बदायूं: शादी समारोह में पत्नी से हुआ विवाद, फंदे पर लटक गया पति...जानिए मामला
शराब पीने की वजह से आए दिन अपनी पत्नी शीला के साथ होता था हरिओम का विवाद
आसफपुर (बदायूं), अमृत विचार। शराब पीने की वजह से पति-पत्नि के बीच कलेश होने लगा था। एक-दूसरे से विवाद करने के बाद दोनों अपना-अपना काम करने लगे थे। आए दिन होने वाले कलेश से परेशान होकर एक युवक ने खेत में पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी हरिओम (44) पुत्र नत्थूलाल खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। कुछ दिनों से वह शराब पीने के आदी हो गए थे। जिसके चलते उनका अपनी पत्नी शीला के साथ विवाद होता रहता था। वह शाम को शराब पीकर आते थे और गृह कलेश होता था। शनिवार को उनके परिवार में शादी समारोह था। हरिओम समारोह में शामिल हुए थे।
आधी रात तक समारोह में खुशी का माहौल था लेकिन रात लगभग दो बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कलेश हो गया। हरिओम वहां से चले गए। पत्नी और परिजनों को लगा कि वह घर चले गए होंगे। रविवार सुबह परिजनों ने घर पर उनकी तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं दिखे। उनकी तलाश शुरू की। सुबह खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने हरिओम का शव खेत में आम के एक पेड़ पर रस्सी से लटका देखा।
उनके परिजनों को सूचना दी। चीत्कार करते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर फैजगंज बेहटा पुलिस भी खेत पर पहुंच गई। पेड़ से शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह ने बताया कि युवक का शव फंदे पर मिला था। पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: प्रधान ने बिना अनुमति स्कूल में रोक दी बारात, शिकायत पर BSA ने किया निरीक्षण...नहीं हुई कार्रवाई
