Banda: 'वंचित समाज एकजुटता से अपने वोट की ताकत दिखाए'- बाबू सिंह, वंचितों को एकजुट करने को जिले में पहुंची संपूर्ण भागीदारी यात्रा
बांदा, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है लेकिन, सभी सियासी पार्टियां अपना चुनावी एजेंडा लेकर लोगों के बीच पहुंचने लगीं हैं। इसी क्रम में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा संपूर्ण भागीदारी यात्रा लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे।

यहां पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ समर्थकों ने जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संपूर्ण भागीदारी यात्रा के मंच से पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को वोट की ताकत का एहसास कराया। पिछड़े और वंचित समाज के लोग एकजुटता से अपने वोट की ताकत दिखाएं।
आठ जनवरी को गाजीपुर से जन अधिकारी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में रवाना हुई संपूर्ण भागीदारी यात्रा के रविवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ समर्थकों ने जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष और यात्रा का फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। जजी चैराहा में यात्रा के मंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद लोकतंत्र की स्थापना हुई। जिसकी मंशा थी कि सभी देशवासी मिलजुल कर एक सशक्त, समृद्धशाली राष्ट्र का निर्माण करेंगे।

देशवासियों को आबादी के अनुरूप हक-हिस्सेदारी मिलेगी। लेकिन, देश की मेहनतकश जनता खासकर पिछड़े, दलितों व अल्पसंख्यकों को हक-हिस्सेदारी से वंचित कर दिया गया। कांग्रेस और वर्तमान में सत्तासीन भाजपा पर करारा हमला करते हुए कहा कि जिन दलों को सरकार बनाने का मौका मिला उन लोगों ने जनता को मुद्दों से भटकाने का कार्य किया। धर्म और जाति की आड़ में अपनी ही रोटी सेंकने में परेशान हैं।

प्रदेश की सरकार अपना साथ और अपना विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। मंडल कमीशन रिपोर्ट लागू होने के बाद पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। लेकिन, अब तक की सत्ता में काबिज रही सरकारों ने इसे रोकने का काम किया। देश मे दलित, पिछडों, जनजाति और अल्पसंख्यकों की आबादी 90 फीसदी होने के बावजूद उनका प्रतिनिधित्व न के बराबर है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पिछड़ों और वंचितों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक एकजुटता से अपने वोट की ताकत दिखाएं।
संगठित होकर जन अधिकार पार्टी की सरकार बनाएं। यहां के बाद यात्रा कालू कुआं, गायत्री नगर, गुरेह, कुलकुम्हारी, पवई, बिसंडा, बाघा, ओरन, चैसड़ अतर्रा, बदौसा होते हुए यात्रा चित्रकूट की ओर रवाना हो गई। यात्रा में राष्ट्रीय महासचिव अजीत प्रताप कुशवाहा, राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डा,संतोष लोधी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री पटेल विजय नारायन वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल, किरन कुशवाहा, रामकरण कश्यप, नसीम खान, यूथविंग अध्यक्ष पंकज विश्वकर्मा, योगेश बदशाह, कमलेश कुमार, शत्रुघन, बृजेश, अरुण, राजाराम, कुलदीप कुमार, राजकुमार, अर्जुन सिंह, विनोद राजा, कुलदीप कुमार, राघवेंद्र, प्रेमचंद्र आदि उपस्थित रहे।
