जिला जेल में बंदियों की शिफ्टिंग शुरू, पहले दिन 50 को किया गया शिफ्ट
नैनी में 65 एकड़ में ₹173 करोड़ की लागत से तैयार हुई है जिला जेल
प्रयागराज, अमृत विचार। क्षमता से अधिक कैदियों का बोझ झेल रही सेंट्रल जेल नैनी को अब कैदियों के बोझ से मुक्ति मिलना शुरू हो गई है। योगी सरकार द्वारा जिला कारागार का निर्माण पूरा होने के बाद रविवार से यहां बंदियों की शिफ्टिंग भी शुरू हो गई है। जिसमें पहले दिन 50 हवालाती बंदियों को शिफ्ट किया गया। सुरक्षा के नजरिए से इसमें अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
24 नवंबर 2022 को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका लोकार्पण किया था। जेल अधीक्षक एसपी सिंह बताते हैं कि इस जिला जेल में 2800 बंदियों को रखने की क्षमता है। इस जिला कारागार का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड करा रही है। 65 एकड़ में बनाई गई इस जेल के निर्माण ₹173 करोड़ 33 लाख की लागत आई है। जेल में दो सर्किल,18 बैरक, 2 क्वारेंटाइन सेल, एक महिला बैरक और एक जुवेनाइल बैरक का निर्माण किया गया है। बैरक को दो मंजिला आकार दिया गया है। इस जिला जेल में दो हाई सिक्योरिटी बैरक भी हैं जिसमेें 12 बंदियों को रखा जा सकता है।

जेल अधीक्षक के मुताबिक जिला जेल में 61 बंदी रक्षको को आंतरिक व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें फिलहाल 18 बंदी रक्षकों ने जिम्मेदारी संभाल ली है। जेल की सुरक्षा के लिए 20 रायफल और चार नाइन एम एम की पिस्टल भी उपलब्ध हो चुकी है। जिला जेल प्रदेश की सबसे हाईटेक सुविधाओं और सुरक्षा वाली जेल है। इसमें ऑटोमेशन गेट और बैग स्कैनर लगाए गए हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा भी जेल में है। जेल में जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनकर तैयार हो चुका है। जेल में महिला बंदियों के बच्चो के लालन पालन के लिए एक क्रेश भी बनाया गया है। सम्पूर्ण जिला जेल परिसर सर्विलांस सिस्टम और सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा ।
ये भी पढ़ें -बहराइच में 11वीं अंतर्जनपदीय आर्चरी प्रतियोगिता का शुभारंभ, एसपी ने भी लगाया निशाना
