लखीमपुर खीरी: माता-पिता के बीच सो रही 6 साल की बच्ची को उठा ले गया भेड़िया, अधखाया शव बरामद
शव मिलने से घर में मचा कोहराम, दहशत में ग्रामीण
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना शारदानगर क्षेत्र के गांव नवघन में रविवार की रात एक घर में घुसा भेड़िया माता-पिता के बीच में सो रही छह साल की बच्ची को उठा ले गया। परिवार के लोग जब तक शोर मचाते और बच्ची को बचाने की कोशिश करते। इससे पहले ही वह बच्ची को लेकर आंखों से ओझल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ परिवार वालों ने खोजबीन की तो गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में बालिका का अधखाया शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव नवघन जिगनियां निवासी सुखराम ने बताया कि उसका घर गांव के पूरब छोर पर है। रविवार की रात वह अपनी पत्नी लक्ष्मी और छह साल की मोहनी के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। बच्ची बीच में लेटी हुई थी। रात करीब तीन बजे किसी के मौजूद होने की आहट हुई। पत्नी लक्ष्मी ने किसी जानवर द्वारा बच्ची को खींच कर ले जाते देखा।
अधाखाया शव बरामद
इस पर उसने शोर मचाया। शोर सुन कर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेतों की कांबिंग की। करीब तीन घंटे तक चली कांबिंग के बाद बच्ची का अधाखाया शव दो टुकड़ों में घर से करीब तीन सौ मीटर दूर बरामद हुआ। भेड़िया शव का सिर खा चुका था। उसका धड़ शव से अलग हो गया था। शव के कई अन्य हिस्सों को भी भेड़िए ने मुंह से नोचा है।
घटना के बाद भेड़िये की दहशत व्याप्त
छह साल की बच्ची के निवाला बनने के बाद से शारदानगर थाना क्षेत्र में भेड़िये की दहशत व्याप्त हो गई है। लोग शाम ढलते ही बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। दहशत का आलम यह है कि ग्रामीण शाम ढलते ही घरों का दरवाजा बंद कर कैद हो जा रहे हैं। एहतिहात के तौर पर मौके पर वन विभाग की टीम गांव में तैनात कर दी गई है।
जिस तरह शव मिला है, उससे प्रतीत हो रहा है कि बाघ या तेंदुआ नहीं है। पैरों के निशान से भेड़िया के लग रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मौके पर निगरानी टीम लगा दी गई है। रिपोर्ट मिलने पर जंगली जानवर का पता चल जाएगा-अभय मल्ल रेंजर, शारदानगर।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: इजराइल जाने के लिए श्रम कार्यालय पर श्रमिकों की लगी कतार, पहले चरण में 29 श्रमिक चयनित
