कई जन्मों के बाद ऐसा पुण्य मिलता है जब अयोध्या जाने का सौभाग्य मिलता है: मोहन यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कहा- अयोध्या में बनवाएंगे एमपी भवन व विक्रमादित्य घाट 

एमपी के सीएम ने की घोषणा, कैबिनेट के 63 सदस्यों के साथ किए रामलला के दर्शन

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में मध्य प्रदेश भवन और विक्रमादित्य के नाम से घाट का निर्माण मध्य प्रदेश सरकार कराएगी। इसकी घोषणा सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रामलला के दर्शन के बाद की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी कैबिनेट के 63 सदस्यों के साथ सोमवार दोपहर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे।

सांसद लल्लू सिंह और नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया। तीन ई-बस में सवार होकर सभी मंत्री राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे और रामलला के दर्शन किया। 

यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कई जन्मों के पुण्य के बाद ऐसा मौका मिलता है जब अयोध्या आने का सौभाग्य प्राप्त होता है। अयोध्या सभी पुण्य नगरियों में शीर्ष है। आज से दो हजार वर्ष पहले महाराजा विक्रमादित्य ने प्रभु श्रीराम के मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था और 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद एक बार फिर प्रभु श्री राम का मंदिर बना है। यह हम सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है। इसके लिए मैं सभी रामभक्तों को और अयोध्यावासियों को बधाई देता हूं।

कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहयोग मिला तो हम अयोध्या में मध्य प्रदेश भवन बनाने की योजना पर कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त महाराजा विक्रमादित्य के नाम पर घाट बनाने की भी योजना है। मध्य प्रदेश भवन के माध्यम से हम अयोध्या आने वाले राम भक्तों की सेवा करेंगे।

यह भी पढ़ें: बहराइच: हौसले हों बुलंद तो अड़चनें नहीं रोक सकतीं मुकाम, रीढ़ की हड्डी टूटी होने के बाद भी परीक्षा में शामिल हुई छात्रा

संबंधित समाचार