बाराबंकी: कुवैत से मृत बेटे के शव को लाने की लगाई गुहार, मजदूरी के लिए गया था विदेश
बनीकोडर/ बाराबंकी, अमृत विचार। कमाने के लिए कुवैत गए युवक की मौत की खबर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। बेटे के अंतिम दर्शन और संस्कार को लेकर उसके शव को मंगाने की गुहार मंगलवार को पिता ने पुलिस अधीक्षक से की है।
मामला असंद्रा थाना क्षेत्र के जबरपुरवा मजरे रतौली गांव का है। यहां के निवासी घनश्याम रावत ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका बेटा विनोद कुमार कुवैत में मजदूरी करता था। दो मार्च को बेटे के मोबाइल से एजेंट जाहिद को मैसेज आया कि उसके बेटे का शव फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना और कुवैत से आए मैसेज को जाहिद ने घर आकर दिखाया तो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे के शव की वतन वापसी की गुहार लगाने की फरियाद को पुलिस अधीक्षक ने उच्चाधिकारियों को भेज दी है। ऐसे में परिजनों को कुवैत से शव आने की उम्मीद जगी है।
