बरेली: जाम से निजात दिलाने को बना दिए पुल...गुजरना नहीं आसान
हार्टमन और कुदेशिया पुल पर बार-बार गड्ढे होने से हो रही परेशानी
बरेली, अमृत विचार। जाम की समस्या के समाधान के लिए शहर में पुलों का जाल बिछा दिया गया है। जो पुल बन चुके हैं, उनमें चलना किसी खतरे से कम नहीं है। कुदेशिया और हार्टमन पुल पर कई बार सड़क आदि की मरम्मत की गई लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। कहीं पुल की सड़क खराब है तो कहीं पैचवर्क उखड़ गया गया।
हार्टमन पुल वर्ष 2013 में बनाया गया। यह शहर का एकमात्र आरसीसी सतह वाला पुल है लेकिन कई बार सतह उखड़ चुकी है। हर बार सीमेंट डालकर मरम्मत करा दी जाती है। कुछ महीने पहले ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे भरे गए लेकिन सड़क ऊबड़-खाबड़ होने से तेज गति से आ रहे वाहन कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं। साल 2012 में बने कुदेशिया पुल की हालत भी काफी खराब है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले ही पुल पर दिख रही सरियों के ऊपर रोड बिछाकर मरम्मत की गई थी लेकिन अब यह फिर जगह-जगह से उधड़ रही है।
लालफाटक पुल: सफाई न सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
95 करोड़ रुपये की लागत से बने लालफाटक पुल पर बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी भरा रहता है। कई जगह घास उग गई है। पुल पर सफाई व्यवस्था को लेकर किसी तरह का प्रबंध नहीं किया है। पुल पर बनाए फुटपाथ के किनारे गंदगी रहती है।
एक्सपेंशन ज्वाइंट दे रहे झटका
कुदेशिया पुल पर दो पार्ट्स को जोड़ने के लिए बनाए गए एक्सपेंशन भी कई जगह अलग दिखने लगे हैं। पिछले साल ही लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने इसे ठीक कराया था, लेकिन हालात आज भी जस के तस हैं। पुल से एंबुलेंस आदि को निकलने पर झटका लगता है। पुल की बाउंड्री इतनी छोटी बना दी गई इससे कभी भी हादसे का डर बना रहता है।
कई बार हुई मरम्मत, बार-बार हो जाते हैं गड्ढे
-कुदेशिया पुल पर आए दिन सरिया दिखने लगती हैं। इससे कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। पिछले दिनों सड़क ठीक कराई गई थी अब फिर से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। - दिव्यप्रकाश, सिद्धार्थनगर
-ंकुदेशिया पुल पर कई बार मरम्मत हो चुकी है। आए दिन सरिया दिखने लगती हैं। बांउड्री कुछ महीने पहले सरिया ढक दी गई, लेकिन गड्ढे फिर से हो गए। बाउंड्री भी नीची बनाई गई है। -विनोद, कुदेशिया फाटक
-हार्टमन पुल बनने के बाद कई बार-बार इसकी सतह उखड़ चुकी है। शिकायत पर हर बार ठेकेदार वहां सीमेंट डालकर खानापूरी कर देता है।-लविश अरोरा, राहगीर
पिछले साल ही हार्टमन पुल की सड़क पर काम हुआ था। कई जगह ऊबड़-खाबड़ तरीके से निर्माण सामग्री डाली गई है। जिसकी वजह से हादसे की आशंका बनी है।- महावीर, दुकानदार हार्टमन रोड
ये भी पढे़ं- बरेली: जिले में नहीं शेल्टर होम तो दूसरे जिलों में भेजे जा रहे बच्चे, आर्य समाज अनाथालय ने बच्चों को रखना किया बंद
