लखनऊ: ईडी ने भूमाफिया सुधीर कुमार गोयल और उसकी पत्नी को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अदालत ने दी सात दिन की कस्टडी रिमांड पर ईडी के किया सुपुर्द

लखनऊ, अमृत विचार। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुलंदशहर के भूमाफिया सुधीर कुमार गोयल और उसकी पत्नी राखी गोयल को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को गाजियाबाद में विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 11 मार्च तक सात दिन की कस्टडी रिमांड पर ईडी के सुपुर्द किया है।

ईडी ने पुलिस द्वारा सुधीर कुमार गोयल, उनकी पत्नी और गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी, और भोले-भाले भूमि खरीदारों को डराने-धमकाने के दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। सुधीर कुमार गोयल, एक कुख्यात भू-माफिया है और उप्र गैंगस्टर एक्ट के तहत एक गैंगस्टर के रूप में भी सूचीबद्ध है। वह बुलंदशहर में अचल संपत्तियों की फर्जी बिक्री और खरीद और आवासीय कॉलोनियों के अवैध विकास में शामिल था।

उसी क्रम बीते 9 जनवरी को ईडी ने उसके ठिकानों पर छापा भी मारा था। इसमें पता चला कि सुधीर कुमार गोयल और उसके करीबियों ने बुलंदशहर में 10 आवासीय कॉलोनियां बनाई थी। इनका लैंड यूज बदला नहीं गया था और विकास प्राधिकरण से अनुमति भी नहीं ली गयी थी। बाद में धोखाधड़ी करके 250 भूखंड बेच दिए, जिससे उन्हें करीब 100 करोड़ रुपये मिले।

जांच में यह भी सामने आया कि जिन जमीनों को बेचा गया, उनकी वास्तविक कीमत ज्यादा थी, जबकि रजिस्ट्री कम कीमत पर करायी गयी। इसके जरिए करोड़ों रुपये की काली कमाई अर्जित की गयी, जिसे निजी संपत्तियों को खरीदने में निवेश किया गया।

ईडी की जांच में सुधीर गोयल और उसके करीबियों की करीब 27.49 करोड़ रुपये कीमत की 58 संपत्तियों का पता चला था। उसके बाद ईडी ने 31 जनवरी 2024 के आदेश के तहत कृषि भूमि और आवासीय भूखंडों के रूप में अर्जित उन संपत्तियों को जब्त कर लिया था। ये संपत्तियां सुधीर गोयल, उनकी पत्नी राखी गोयल, करीबी सहयोगी जय प्रकाश, आलोक कुमार उर्फ जग्गा और उनकी पार्टनरशिप फर्म मेसर्स श्री सिद्धिविनायक प्रॉपर्टीज के नाम पर थी।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: विवाह समारोह में खाने को लेकर बारातियों और जनातियों में हुई मारपीट, एक की मौत, एक घायल

 

संबंधित समाचार