मुरादाबाद : चलती बाइक से चक्कर खाकर गिरी महिला, उपचार के दौरान मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला अस्पताल की मर्चरी पर मौजूद मृतक सर्वेश कुमारी के परिवार वाले

मुरादाबाद। बेटी की ससुराल से दामाद के साथ बाइक से अपने घर लौट रही महिला रास्ते में चक्कर खाकर गिर गई। चोटिल महिला को इलाज के लिए रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई है।

बताया जा रहा है कि मझोला थाना क्षेत्र के शाहपुर टिकरी निवासी सर्वेश कुमारी पत्नी राम सिंह मंगलवार को अपनी बेटी पायल की ससुराल से अपने दामाद कपिल के साथ उसकी बाइक पर अपने घर लौट रही थी। सर्वेश कुमारी डिलारी थाना क्षेत्र के गांव धारक नगला की रहने वाली थी। रास्ते में इस्लामनगर मार्ग पर गौहर गांव के पास बाइक पहुंचने पर अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वह तेज रफ्तार में चल रही बाइक से नीचे गिर गई थी। इस हादसे में उन्हें सिर व शरीर के अन्य हिस्से में काफी गंभीर चोटें आई थी। दामाद ने उन्हें रात में ही जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया था, लेकिन उनकी सुबह तड़के मौत हो गई है। 

पिता के बाद मां का भी छिन गया साया
मृतक सर्वेश कुमारी के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इसमें दो बेटियों दीपा व पायल और एक बेटे का विवाह हो चुका है। मां की मौत पर बच्चे बिलख बिलख कर रो रहे थे। रिश्तेदार और गांव के लोग उनके बच्चों को ईश्वर का फैसला कहकर हर मदद करने का भरोसा दे रहे थे।

एक साल पहले हो गई थी पति की मौत
परिजन ने बताया कि एक साल पहले करीब उनके पति राम सिंह की भी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद घर परिवार की जिम्मेदारी सर्वेश कुमारी के ही सिर पर थी। अब एक बेटी और एक बेटा विवाह करने को वह रिश्ता खोज रही थी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कावड़ लेने जा रहे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों के साथ हुआ हादसा, एक की मौत

संबंधित समाचार