मुरादाबाद : कावड़ लेने जा रहे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों के साथ हुआ हादसा, एक की मौत
मृतक बोना का फाइल फोटो
मुरादाबाद। कावड़ लेने बाइक से हरिद्वार जा रहे दो चचेरे भाइयों के साथ हादसा हो गया। घटना मंगलवार रात करीब डेढ़-दो बजे की बताई जा रही है। हरिद्वार स्टेट हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी बाइक गिर गई और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस हादसे में शामिल वाहन का पता नहीं लगा सकी है। हादसे में मारे गए बोना पुत्र कर्रू हैं। वह बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव कोहरा का निवासी था। बोना अपने चचेरे भाई पूरन के साथ बाइक से कावड़ लेने को हरिद्वार जा रहा था। बाइक मृतक बोना ही चल रहा था। रास्ते में हरिद्वार स्टेट हाईवे पर सहजपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस हादसे में घायल बोना को इलाज के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके चचेरे भाई का इलाज निजी अस्पताल कॉसमॉस में चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक बोना अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। मृतक की मां बेटे की मौत पर बिलख-बिलख कर रो रही थी। बताया जा रहा है कि बोना की शादी हुई थी लेकिन, उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहती थी।
एक साल पहले पिता की हो गई थी मौत
बोना के परिजन ने बताया कि मृतक के पिता कर्रु की मौत भी एक साल पहले हो गई थी। मृतक बोना मजदूरी करता था।
ये भी पढ़ें :मुरादाबाद से 10 मार्च को लखनऊ के लिए पहली उड़ान, निर्यातकों में खुशी
