मुरादाबाद से 10 मार्च को लखनऊ के लिए पहली उड़ान, निर्यातकों में खुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निर्यातक बोले- दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों तक पहुंचना होगा आसान, कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर से हवाई उड़ान 10 मार्च से शुरू होने वाली है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजमगढ़ से वर्चुअली मुरादाबाद के हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। महानगर के निर्यातकों का कहना है कि हवाई अड्डा शुरू होने से पीतल कारोबार को पंख लगेंगे।

महानगर के लोगों के लिए अच्छी खबर है कि 10 मार्च को मुरादाबाद से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। मुरादाबाद से उड़ने वाले पहले विमान को इंडोनेशिया के पायलट उड़ाएंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने हवाई अड्डे के उद्घाटन में शामिल होने वाले मेहमानों की सूची भी तैयार कर ली है। जिसमें सांसद, विधायक, निर्यातक, समाजसेवी व प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे।

महानगर का नाम पीतल नगरी के नाम से पूरे विश्व में मशहूर है। पीतल का निर्यात करने वाले निर्यातक पिछले काफी समय से यह आस लगाए बैठे थे कि जिले से हवाई सेवा शुरू हो जाए तो हम लोगों को आसानी होगी। निर्यातकों की ख्वाहिश 10 मार्च को पूरी होने जा रही है। जिस पर निर्यातकों ने खुशी का इजहार करते हुए सरकार का आभार जताया है। निर्यातकों का कहना है कि हवाई सेवा शुरू होने से हमारा दिल्ली, मुंबई व अन्य बड़े शहरों में जाना आसान होगा। अब हमारे विदेशी ग्राहक भी भारत आने के बाद बिना किसी परेशानी के महानगर आ जा सकेंगे।

हमारा महानगर निर्यात का सबसे बड़ा हब है। अब हमें हवाई सेवा मिल रही है। यह सरकार का सराहनीय कदम है। जिससे महानगर में होने वाले निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। -नावेद खान, निर्यातक

महानगर से हवाई सेवा शुरू करना सरकार का सराहनीय कार्य है। जो हमारे विदेशी ग्राहक है वह ट्रांसफर फ्लाइट लेकर सीधे मुरादाबाद तक पहुंच जाएंगे। उससे उनका समय बचेगा। -नीरज खन्ना, निर्यातक

हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए आठ, नौ व 10 मार्च प्रस्तावित तारीख आई हैं। फिलहाल यह तय है कि इस बार किसी भी इन तीनों तारीखों में से एक में हवाई अड्डे का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। -अमरजीत, एयरपोर्ट डायरेक्टर

प्रोजेक्ट पर एक नजर

  • रनवे की लंबाई- 2112 मीटर
  • रनवे की चौड़ाई- 30 मीटर
  • लाइसेंस श्रेणी -2 बी वीएफआर
  • निर्माण में खर्च- 28.93 करोड़
  • विमान का प्रकार डीएचसी-6 (400)
  • सेवा प्रदाता कंपनी- फ्लाई बिग
  • स्वामित्व- एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया

प्रदेश की राजधानी के लिए होगी पहली फ्लाइट
 हवाई अड्डे की शुरू होने में सिर्फ कुछ ही दिन शेष बचे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच नए हवाई अड्डों का लोकार्पण करेंगे। जिसमें मुरादाबाद, आजमगढ़, चित्रकूट, श्रावस्ती व अलीगढ़ एयरपोर्ट शामिल हैं। बताया गया कि हवाई अड्डे के उद्घाटन वाले दिन पहली फ्लाइट सिर्फ लखनऊ के लिए उड़ान भरेगी। मुरादाबाद से डीएचसी-6 सीरिज 400 विमान उड़ान भरेगा, जोकि 19 सीटर होगा। फ्लाई बिग कंपनी के अधिकारी आठ मार्च को ही हवाई अड्डे पर पहुंच जाएंगे। जबकि स्टाफ पहले ही तैनात कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें : कुत्तों का आतंक! 24 घंटे में 350 लोग डॉग बाइट का शिकार...नगर निगम बेखबर

संबंधित समाचार