मथुरा: स्कूल में लंच के बाद बिगड़ी 10 छात्राओं की तबीयत, अस्पताल में भर्ती
मथुरा, अमृत विचार। जिले के फरह थाना क्षेत्र के गुलाबचंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में दोपहर के भोजन के बाद आधा दर्जन से ज्यादा बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्कूल में लंच के बाद अचानक पेट में दर्द उठा और बढ़ता चला गया। देखते ही देखते स्कूल की 10 छात्राएं पेट दर्द से पीड़ित हो गईं और उनकी तबीयत खराब होने लगी। आनन -फानन में स्कूल प्रबंधन ने इन छात्राओं को फरह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
छात्राओं की तबीयत खराब होने की सूचना पर अभिभावक भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों ने छात्राओं का इलाज शुरू किया और छात्राओं की तादाद बढ़ती देख मथुरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय वर्मा भी अपनी टीम के साथ फरह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।
अचानक 10 छात्राओं के पेट दर्द और गले दर्द की शिकायत की वजह खुलकर सामने नहीं आ पा रही है। एक छात्रा के मुताबिक सभी छात्राओं ने साथ में बैठकर लंच किया था और उसके बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय वर्मा के मुताबिक 10 छात्राओं को पेट दर्द और गले दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी की शिकायत है, सभी का उपचार जारी है और सभी छात्राओं को अब आराम है। एक बच्ची की छुट्टी कर दी गई है, 9 बच्चियों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: कान्हा की नगरी में होली का धूम-धड़ाका होने लगा है तेज
