पीलीभीत: साले की शादी में आए युवक की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत, मचा कोहराम
DEMO IMAGE
पीलीभीत,अमृत विचार: परिवार के साथ साले की शादी में शामिल होने आए श्रमिक की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसा पीलीभीत-शाहजहांपुर रेलखंड पर हुआ। इसकी सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार के सुपुर्द कर दिया है।
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम आदिलाबाद निवासी मनोज कुमार (32) पुत्र रामविलास ईंट भट्टे पर मजदूरी करते थे। तीन मार्च को उनके साल हरीश की शादी थी। वह अपने पूरे परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम पतरसिया आ गए थे। शादी में शामिल होने के बाद परिवार के अन्य सदस्य घर लौट गए। जबकि वह पत्नी किरन, दो बच्चे मुस्कान (3) और अनिकेत (2) के साथ ससुराल में ही रुक गए थे।
गांव के बाहर से रेलवे लाइन गुजरी हुई है। मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह शौच के लिए रेलवे लाइन की तरफ गए थे। इस बीच शाहजहांपुर से पीलीभीत की तरफ आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गार्ड ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। जिसके बाद बरखेड़ा पुलिस को भी जानकारी दे दी गई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची।
शव की शिनाख्त कर परिवार वालों को बुलाया गया। क्षत विक्षत हालत में युवक का शव देख परिजन का रोकर बुरा हाल रहा। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो विवाहित बहनें हैं। हादसे के बाद परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गई। भाई की शादी को लेकर उत्साहित किरन को जैसे ही पति की मौत की खबर मिली वह बदहवाश हो गई। परिवार वाले उसे संभालने में जुटे रहे।
ससुराल में बीसलपुर क्षेत्र का एक युवक आया हुआ था। उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया है। हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े 11 के आसपास हुआ था--- अरविंद सिंह चौहान, इंस्पेक्टर बरखेड़ा।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: काम को नहीं मिली रफ्तार तो इस गर्मी भी पड़ेगी अघोषित कटौती की मार, जानिए पूरा मामला...
