लखनऊ: कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर सर्राफ की दुकान से 12.5 किलो चांदी व सोने के गहने चोरी, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। रहीमाबाद कस्बा में गुरुवार रात चोरों ने कोतवाली से महज सौ मीटर पर स्थित सर्राफ दुकान को निशाना बनाया। शटर काट कर अंदर घुसे चोर नकदी, आभूषण और कपड़ों सहित करीब 11 लाख का सामान समेट ले गये। व्यापारी की सूचना पर पुलिस घटना स्थल की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

कस्बा निवासी वहाज की मुख्य चौराहे पर सोने-चांदी व कपड़े की दुकान है। इससे करीब सौ मीटर पर ही रहीमाबाद कोतवाली है। देर रात चोर दो दुकानों के शटर काट कर अंदर घुसे। इसके बाद सामान समेट ले गये। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी ले गये। मुख्य चौराहे पर चोरी की घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गये। पुलिस को भनक नहीं लगी। 

ज्वैलरी शॉप के दुकानदार वहाज हुसैन सुबह घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया चोर साढ़े 12 किलो चांदी के आभूषण और 10 ग्राम सोना चोरी कर ले गये। जिसकी कीमत करीब 10 लाख 76 हजार व कपड़े की दुकान से एक लाख की नकदी समेट ले गये हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। 

आरोपियों की सुरागरसी के लिये इंस्पेक्टर ने डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीमों के साथ साक्ष्य एकत्रित किये। वहीं खोजी कुत्ता की मदद से चोरों की निशानदेही का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वारदात से व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवालिया निशान उठाते हुये नाराजगी जताई है।

यह भी पढ़ें: बहराइच: अज्ञात कारणों से लगी आग में चार मकान समेत लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख, सूचना के बाद भी नहीं पहुंची दमकल

 

संबंधित समाचार