UP: बच्चों और युवाओं को नुकसान पहुंचा रहे गैजेट...हेडफोन या ईयर बड्स से बहरेपन के साथ लकवे का भी खतरा, इस तरह करें बचाव
कानपुर के हैलट अस्पताल की ईएटी ओपीडी में हर हफ्ते औसतन पांच बच्चे समस्या लेकर आ रहे
कानपुर, अमृत विचार। किसी भी तकनीक का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक और सीमा में रहकर करना ही बेहतर होता है, वर्ना उसके दुष्परिणाम उठाने पड़ते हैं। मोबाइल के साथ बढ़ता हेडफोन, ईयर बड्स या ईयर फोन का प्रयोग भी ऐसी ही चेतावनी दे रहा है। यह सुविधाजनक तो है, लेकिन अधिक प्रयोग से जहां सुनने की क्षमता प्रभावित हो रही है, वहीं चिकित्सकों के मुताबिक तनाव, कान में संक्रमण के साथ ही पैरालिसिस अटैक पड़ने की संभावना बढ़ जाती है।
हैलट अस्पताल के नाक-कान व गला विभाग की ओपीडी में हर सप्ताह औसतन पांच बच्चे सुनने की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं, इसका मुख्य कारण हेड या ईयर फोन अथवा बड्स का अधिक इस्तेमाल करना सामने आ रहा है। इनके अधिक इस्तेमाल से सुनने की क्षमता प्रभावित होने के साथ ही कान व सिर में दर्द बने रहने की समस्या देखी जा रही है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के न्यूरो विभाग में आए कुछ केसों की स्टडी में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। न्यूरो विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष सिंह ने बताया कि ईयर बड्स का अधिक प्रयोग युवाओं के लिए काफी खतरनाक है। बच्चों पर तो इसका कई गुना अधिक दुष्प्रभाव पड़ता है। अक्सर बच्चे जाने अनजाने में अधिक साउंड में ईयर बड से गाने सुनते हैं।
ईयर फोन व ईयर बड्स से सिर्फ सुनने की क्षमता ही नहीं प्रभावित होती, बल्कि पैरालिसिस अटैक पड़ने की भी संभावना रहती है। एक या दो केस इस तरह के सामने आए हैं। अधिक इस्तेमाल करने पर तनाव में वृद्धि, कान में संक्रमण और आसपास की नसों में सूजन की समस्या हो सकती है।
वर्तमान में ईयर बड व ईयर फोन का अधिक इस्तेमाल करने से युवाओं में सुनने की समस्या तेजी से बढ़ी है। सप्ताह में चार से पांच केस सिर्फ ईयर बड व ईयर फोन का अधिक प्रयोग करने के कारण होने वाली दिक्कतों को लेकर आ रहे हैं।- प्रो. एसके कनौजिया, ईएनटी-विभागाध्यक्ष, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज।
इस तरह करें बचाव
- एक घंटे से अधिक ईयरफोन या ईयर बड न लगाएं
- गाना या संगीत सुनते समय उसकी आवाज धीमी ही रखें।
- अच्छी कंपनी या गुणवत्ता वाले साधन का ही प्रयोग करें।
- सिर या कान में दर्द होने पर इनका प्रयोग न करें।
ये भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर दर्शन के लिए गए छह जिगरी दोस्त, घर आई मौत की खबर, सोशल मीडिया में वो आखिरी सेल्फी...
