यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा पहुंचे आगरा, मेट्रो में किया सफर
आगरा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा रविवार को आगरा पहुंचे। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा को आगरा पहुंचने पर सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्य सचिव ने आगरा के आला अधिकारियों के साथ आगरा के ताज मेट्रो स्टेशन से यात्रा शुरू की और ताज ईस्ट गेट तक सफर किया।
उन्होंने आगरा मेट्रो में यात्रा के दौरान मेट्रो की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा का भी जायजा लिया। मेट्रो में यात्रा के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आगरा मेट्रो आत्मनिर्भर भारत के तहत देश में बने मेट्रो कोचेस से चलाई जा रही है। इससे पहले हम विदेशी कंपनियों के मेट्रो कोच मांगते थे।
उन्होंने बताया कि आगरा मेट्रो का निर्माण 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। पहले चरण के दौरान 6 किलोमीटर का सफर बेहद सुखद और रोमांचित करने वाला है। आगरा मेट्रो की यात्रा के दौरान आप मेट्रो में बैठकर ताजमहल का दीदार कर सकते हैं साथ ही साथ सेल्फी भी ले सकते हैं। निश्चित तौर पर आगरा मेट्रो सैलानियों के लिए रोमांचित करने वाली यात्रा प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि 2026 तक ताजमहल से सिकंदरा और आगरा कैंट से कालिंदी विहार कॉरिडोर का जब काम पूरा होगा तो आगरा के स्थानीय लोगों के लिए कम खर्चे में आनंद दायक सफर करने का अनुभव हासिल होगा साथ ही साथ क्लीन आगरा ग्रीन आगरा के नारे को भी बड़ी हद तक सरकार किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि मेट्रो के संचालन में कार्बन उत्सर्जन का प्रतिशत बेहद कम होता है। आगरा मेट्रो के सफर के दौरान मुख्य सचिव के साथ आगरा के जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एचडी के साथ-साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- Agra: छेड़छाड़ पीड़िता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद
