अमरोहा : जमीनी विवाद में गांव के ही लोगों ने की थी सतपाल की हत्या, सूखे तालाब में पड़ा मिला था लहूलुहान शव
क्षेत्र पंचायत सदस्य के हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
हत्या का खुलासा करते सीओ दीप कुमार पंत
हसनपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य के हत्याकांड का कोतवाली पुलिस ने चार दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सतपाल की हत्या के मामले में गांव निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जमीनी विवाद के चलते गांव के लोगों ने ही क्षेत्र पंचायत सदस्य की हत्या की थी।
रविवार को सीओ दीप कुमार पंत ने हत्या का खुलासा कर जानकारी दी। सीओ के मुताबिक गांव सोहरका निवासी 40 वर्षीय सतपाल पुत्र खानचंद खड़गवंशी गांव के वार्ड 28 से क्षेत्र पंचायत सदस्य था। जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद खेत के पास सूखे तालाब में उसका लहूलुहान शव पड़ा मिला था। कनपटी पर गोली लगी हुई थी। खबर लगते ही गांव के तमाम लोग व पुलिस मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पुत्र नितिन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी भूप सिंह, विनोद कुमार पुत्र वीर सिंह, राजेंद्र पुत्र गुलाब सिंह एवं सतपाल पुत्र परमा के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन पुलिस ने जांच की गई तो मामला जमीन से जुड़ा हुआ पाया गया। सीओ ने बताया कि आरोपी मुनेश एवं नेपाल पुत्र जोगराज ने सतपाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है जिस सात बीघा जमीन पर मुनेश काबिज है। उस जमीन को सतपाल खरीदना चाहता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। सीओ ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार गया है अन्य दो को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले भी इसी गांव में जमीन को लेकर हो चुकी है हत्या
गांव स्थित सात बीघा जमीन पर मालिकाना हक को लेकर पहले भी कई लोगों की हत्या हो चुकी है। बताया जा रहा है यह जमीन गांव निवासी शिवलाल की है। जिसकी जोगराज द्वारा वसीयत की गई थी। लेकिन वसीयत के कुछ दिन बाद ही शिवलाल का गांव कांकाठेर के पास शव मिला था। जिसकी अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शिवलाल की मृत्यु के बाद उसकी बहन के नाम वह जमीन आ गई। इसके बाद शिवलाल की बहन ने गांव निवासी हरिराज को 2007 में जमीन बेच दी गई। जमीन खरीदने के कुछ समय बाद ही हरिराज की मृत्यु हो गई।अब विवादित भूमि पर आरोपी मुनेश एवं उसका परिवार काबिज है। अब यह जमीन किसी नोएडा निवासी के नाम है। उसे सत्यपाल खरीदना चाहता था। जिसकी भनक लगते ही आरोपी मुनेश व उसके भाई ने गोली मारकर सतपाल की हत्या कर दी गई।
हत्या से पहले आरोपी ने सतपाल को पिलाई थी शराब
पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने बताया कि हत्या से पहले आरोपी नेपाल, मुनेश व सतपाल ने साथ बैठकर शराब पी थी। उन्होंने बताया कि गांव निवासी नन्हे के पोते का जन्मदिन था। जिसको लेकर नन्हे ने दावत दी थी। दावत में आरोपी नेपाल मुनेश एवं सतपाल ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद आरोपियों ने सतपाल की हत्या करने की योजना बनाई। फिर जब वह घर जा रहा था तब उसकी हत्या कर शव सूखे पड़े तालाब में फेंक दिया।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने विपक्ष पर कसा तंज, बोले- जिन्होंने देश को लूटा उन्हें ED और CBI का सता रहा डर
