अमरोहा : पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने विपक्ष पर कसा तंज, बोले- जिन्होंने देश को लूटा उन्हें ED और CBI का सता रहा डर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मीडियाकर्मियों से वार्ता के दौरान विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला। कहा कि जिन्होंने देश को लूटा है उन्हें अब ईडी और सीबीआई से डर लग रहा है। कांग्रेस सरकार ईडी और सीबीआई को सिर्फ अपने हित के लिए इस्तेमाल करती थी। लेकिन भाजपा सरकार में यह एजेंसियां स्वतंत्र होकर काम कर रही हैं।

रविवार दोपहर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भाजपा जिला कार्यालय पर पहुंचे। जहां भाजपाइयों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। उन्होंने जिला कार्यालय में लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक को भी संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने मीडियाकर्मियों से वार्ता की।

उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा ईडी और सीबीआई को समाप्त करने के सवाल पर कहा कि वह लोग तो इसलिए चाहेंगे, क्योंकि यह सारी एजेंसियां उनके गलत कामों की जांच कर रही हैं। पहले किसी ने ईडी या सीबीआई का नाम नहीं सुना था। कांग्रेस सरकार में कांग्रेस पार्टी अपने हितों के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करती थी। लेकिन भाजपा सरकार में ईडी और सीबीआई स्वतंत्र तरीके से काम कर रही हैं। जिन्होंने देश को लूटा है। उन्हें ईडी और सीबीआई का डर सता रहा है। उन्होंने भाजपाइयों को सरकारी की योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने की बात कही।

विश्व में बढ़ रहा देश का सम्मान : निशंक
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने पार्टी की नीतियों को गिनाकर उनमें जोश भरा। कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताएं। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश में 2014 से पहले की स्थिति सबको मालूम है। पहले भारत देश गरीब देशों की श्रेणी में बोला जाता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से बनी है, विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है तथा चारों तरफ विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है। अब देश में चारों तरफ सड़कों का जाल बिछाया गया है तथा वंदे भारत ट्रेन, देश में उच्च स्तर के हॉस्पिटल, हवाई अड्डे तथा गंगा एक्सप्रेस वे जैसी कई विकास योजनाएं मोदी-योगी सरकार ने चलाकर देश की दशा सुधारी है।

कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाकर गरीबों का फ्री इलाज कराया जा रहा है। प्रदेश के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने विकास कार्यों का बखान करते हुए बताया कि कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं के दम पर प्रदेश तथा देश में मजबूती के साथ सरकार चल रही है। कार्यकर्ता एक-एक घर जाकर पार्टी का जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करें। इस अवसर पर जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह पाल तथा लोकसभा क्षेत्र प्रभारी राजीव सिसौदिया ने भी संबोधित किया। बैठक में लोकसभा क्षेत्र संयोजक ब्रजेश चौधरी, दिवेश सिंघल लोकसभा क्षेत्र सह प्रभारी, जिला महामंत्री अभिनव कौशिक, शशि चौहान, रमेश कलाल, मनीष दक्ष, आशा चंद्र, आशु अग्रवाल, मनोज शर्मा, राम सिंह सैनी, पूरन सिंह आदि रहे।  

ये भी पढ़ें : VIDEO : अमरोहा में 5 वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड का हमला, थोड़ी दूर तक घसीटा...हालत गंभीर






संबंधित समाचार