अकबर नगर: न्यायालय की अनुमति के बाद एलडीए तोड़ेगा दुकानें और मकान

चार मंजिला व्यावसायिक भवन ध्वस्त करने के दौरान हुए पथराव के बाद रोकी कार्रवाई

अकबर नगर: न्यायालय की अनुमति के बाद एलडीए तोड़ेगा दुकानें और मकान

लखनऊ, अमृत विचार। अकबर नगर में रविवार को चार मंजिला व्यावसायिक भवन ध्वस्त करने के दौरान हुए पथराव के बाद एलडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी है। अब प्राधिकरण न्यायालय की अनुमति के बाद ही अकबर नगर की गलियों में बनीं दुकानें और मकान तोड़ेगा। इस पर 31 मार्च के बाद फैसला होगा। सोमवार को अकबर नगर में हालात सामान्य रहे और पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील रहा।

अकबर नगर में रविवार को एलडीए और पुलिस प्रशासन की टीम सम्राट फर्नीचर का चार मंजिला भवन ध्वस्त कर रही थी। शाम को करीब 5:30 बजे बिल्डिंग भरभराकर गिर गयी। इससे आस-पास के सात भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मलबे में लोगों के दब जाने की अफवाह फैलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और टीम पर पथराव कर दिया। अधिकारी और पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचे। यह अफवाह अकबर नगर में तेजी से फैल गयी।

आक्रोशित युवक मुंह पर रूमाल बांधकर मुख्य सड़क पर आ गए और पत्थरबाजी करने लगे। जिसमें पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयीं। लगभग आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। लोगों ने सीसीटीवी भी तोड़ डाले। अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद उपद्रवियों पर काबू पाया जा सका। पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में कई लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है।

अकबर नगर निवासियों ने किया प्रदर्शन

स्थानीय लोगों ने सोमवार को अकबर नगर प्रथम में मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन व एलडीए पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हमें विस्थापित करने के बाद मकान तोड़े जाएं। जितनी हमारे पास जगह है उसके हिसाब से दूसरी जगह मकान दिए जाएं।

31 मार्च तक खाली करने हैं मकान

अकबर नगर में कुकरैल बंधे और नदी पर अवैध तरीके से 1,200 मकान, दुकान, शोरूम और कॉम्प्लेक्स बने हैं। इन्हें एलडीए ने ध्वस्तीकरण की नोटिस दी थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर एलडीए मुख्य मार्ग पर दोनों ओर बने 25 शोरूम व दुकानें ध्वस्त कर चुका है। अकबर नगर में कई घरों में दुकानें भी बनी हैं। उच्च न्यायालय ने 31 मार्च तक मकान खाली करने का आदेश दिया है। साथ ही एलडीए को विस्थापितों को आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: CAA की नोटिफिकेशन जारी होते ही छावनी में तब्दील हुआ पुराना शहर, पुलिस ने निकाला Flag March