बरेली: स्पर्श लॉन के मालिकों पर FIR, 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: प्रेमनगर में रहने वाले पीलीभीत के स्प्रिंग डेल कॉलेज के मालिक तरुण जगोता ने स्पर्श लॉन के मालिक पिता-पुत्र पर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

कारोबारी तरुण जगोता ने बताया कि वह और उनका परिवार राजेंद्र शैक्षिक समिति पीलीभीत का संस्थापक था। समिति की ओर से शहर में भी एक विद्यालय और महाविद्यालय संचालित किया जा रहा था। उन्होंने निजी कारणों से समिति का संचालन 2018 में स्पर्श लॉन के मालिक किला निवासी शिवकुमार अग्रवाल और उनके बेटे अंकित अग्रवाल को दिया था। समिति की दोहना प्रीतमराय स्थित जमीन को सुरक्षित अपने पास रख लिया था। 

आरोप है कि शिवकुमार और अंकित जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर उनसे 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर उन्हें और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसकी शिकायत इज्जतनगर पुलिस से की, मगर कार्रवाई नहीं हुई।

इसपर तरुण ने 29 फरवरी को एसएसपी से शिकायत की, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। परेशान होकर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- बरेली से अयोध्या के लिए नहीं मिलेगी सीधी बस सेवा, यात्री न मिलने की वजह से किया बंद

संबंधित समाचार