कासगंज: युवती को छेड़ा तो भाइयों ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, मौत के बाद परिजन का हंगामा

कासगंज: युवती को छेड़ा तो भाइयों ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, मौत के बाद परिजन का हंगामा

कासगंज, अमृत विचार: शहर के एक क्षेत्र में बीते शुक्रवार एक युवती से छेड़छाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। पिटाई के बाद युवती के भाइयों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान अब मौत हो गई। शव कासगंज पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस और पीएसी के अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। 

बता दें, मोहल्ले के ही विशाल कुमार पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। युवती के भाई नीरज और धीरज ने युवक को पकड़कर पहले तो जमकर पीटा और फिर बाइक से पेट्रोल निकालकर युवक के शरीर पर छिड़क दिया उसके बाद आग लगा दी। युवक के पिता मुकेश चंद्र ने आरोप लगाया कि युवक को जान से मारने की नीयत से घटना की गई। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई। 

वहीं युवती पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर देकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेने के बाद विधिक कार्यवाही के साथ जांच भी शुरू की। इधर गंभीर रूप से घायल हुए युवक को उपचार के अलीगढ़ रेफर किया गया। जहां उसका उपचार चल रहा था। मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में उपचार के बाद परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

बुधवार की देर रात युवक ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को शव कासगंज पहुंचा तो आक्रोशित परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। शव को सड़क पर रखकर कासगंज-बरेली मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। 

मौके पर पहुंची पुलिस पीएसी बल ने आक्रोशितों कों समझाया और मोर्चा संभालते हुए जाम नहीं लगने दिया। सीओ सिटी अजीत चौहान ने परिजनों से बातचीत की और कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया। जिस क्षेत्र में यह घटना हुई वहां तनाव का माहौल बना हुआ है। 

पेट्रोल से जलकर घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हुई है। परिजन ने आक्रोश जताया है। मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है। जांच चल रही है। जो भी दोषी होगा उस पर सख्त कार्यवाही होगी--- अजीत चौहान, सीओ सिटी।

यह भी पढ़ें- चाय में स्वाद और इत्र में महक घोलेगी कासगंज की कैमोमाइल फसल, औषधि गुणों से है भरपूर