मुलायम धरती पुत्र तो अखिलेश यादव ट्विटर पुत्र : केंद्रीय कानून मंत्री 

मुलायम धरती पुत्र तो अखिलेश यादव ट्विटर पुत्र : केंद्रीय कानून मंत्री 

कन्नौज, अमृत विचार। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव जमीनी नेता थे, इसीलिए उनको धरती पुत्र कहा जाता है। उनके बेटे अखिलेश यादव ट्विटर पुत्र हैं जो केवल ट्विटर (अब एक्स) पर पोस्ट डालते हैं, जबकि मौके पर जाकर उसकी वास्तविकता को पता नहीं करते हैं। यह बात भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कही। उन्होंने विपक्षी इंडी एलायंस समेत सपा व कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। 

गुरुवार को शहर के नसरापुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन उसके शासन में गरीबी और भी बढ़ती चली गई। यह नारा देने वाली इंदिरा गांधी झूठी पीएम थीं। यदि उन्होंने वास्तव में गरीबी हटाई होती तो मोदी सरकार को देश में 80 करोड़ गरीब नहीं मिलते। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोद का बच्चा हैं तो राहुल गांधी पेट का बच्चा हैं। ऐसे में देश की जनता मोदी जी को दुलार कर रही है। 2047 में जब देश विकसित होकर महाशक्ति बनकर उभरेगा तो पूरे विश्व के बच्चे मोदी को जानेंगे।

ये भी पढ़ें -पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी हादसे में गंभीर रूप से घायल, सिर पर लगी चोट