हल्द्वानी: गौला पुल के पास फंदे में लटकी मिली लाश, चश्मा, चप्पल और एक पेन पड़ी थी पास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम में गौला पुल के पास एक फंदे में शव लटका हुआ था। स्थानीय व्यक्ति ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मृतक के पास से उसकी कोई पहचान नहीं मिली है। मृतक को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।

काठगोदाम पुलिस के अनुसार गुरुवार की रात एक व्यक्ति अपने जानवरों को लेकर गौला पुल के पास से गुजर रहा था। उसने देखा कि पुल के पास फंदे में एक शव लटका हुआ है। शव काफी पुराना हो चुका था। सूचना मिलते ही मौके पर तुरंत ही पुलिस पहुंची। पुलिस को गौला पुल से आगे गधेरे में करीब 400 मीटर अंदर एक पेड़ पर रस्सी के सहारे शव लटका मिला।

पुलिस अंदाजा लगा रही है कि लाश करीब 15 दिन पुरानी होगी। पुलिस ने मृतक की पहचान करने के लिए आसपास छानबीन की। वहां एक चश्मा, चप्पल और एक पेन मिला है। मृतक के शरीर पर जींस और शर्ट है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष रही होगी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने आसपास के थाने और चौकियों में सूचित कर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।