लखीमपुर खीरी: शिक्षक संघ धौरहरा अध्यक्ष पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिक्षक साथी के घर जाते समय रास्ते में हुआ हमला, पुलिस पर भी की हमले की कोशिश  

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। अपने घर से साथी शिक्षक के घर पैदल मिलने जा रहे प्राथमिक शिक्षक संघ धौरहरा अध्यक्ष पर आपस में झगड़ा कर रहे मोहल्ले के ही पिता-पुत्र ने लोहे की पाइप से कई ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। लोग जब बचाने दौड़े तो आरोपी पिता-पुत्र अपने घर के अंदर घुस गए और छत पर जाकर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक शिक्षक व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने घायल शिक्षक नेता की तहरीर पर पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।  

प्राथमिक शिक्षक संघ धौरहरा के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा काशीनगर स्थित में रहते हैं। वह अपने आवास से शिक्षक साथी चंद्रप्रकाश मिश्रा से मिलने पैदल ही उनके घर जा रहे थे। रास्ते में ही मोहल्ले के संजय उर्फ शालू व उसके पिता मुन्नालाल कश्यप आपस में मारपीट कर रहे थे। सौरभ जब पास से निकले तो संजय ने अपने पास मौजूद लोहे की पाइप से सौरभ मिश्रा के सिर और चेहरे पर कई प्रहार कर दिए, जिससे उनका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर बेसुध होकर गिर गए। मोहल्ले के लोग जब सौरभ को बचाने दौड़े तो आरोपी संजय और उसका पिता अपने घर में घुस गया। 

दरवाजा अंदर से बंद कर छत पर आकर बचाने आए लोगों पर ईंट पत्थर फेकने शुरू कर दिए। इससे मौके पर पहुंचे शिक्षक साथी चन्द्र प्रकाश मिश्रा और मोहल्ले के ही सौरभ गुप्ता भी घायल हो गए। पथराव होने पर मोहल्ले के लोगों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पीआरवी और राजापुर चौकी इंचार्ज संचित यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब उसे घर के बाहर निकालने की कोशिश की तो संजय पुलिस टीम पर भी हमलावर हो गया। 

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस संजय और मुन्नालाल को घर से बाहर निकाल पाई। घायल सौरभ मिश्रा ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि हमले में शिक्षक नेता को गंभीर चोटें आईं हैं। आरोपियों का चालान कर दिया गया है।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: छोटी काशी कॉरिडोर के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर लगी मुहर, 69 करोड़ की मिली मंजूरी

संबंधित समाचार