Kanpur: अनुशासित भाजपाई ‘अजय कपूर’ के मंच से बना रहे दूरी; स्वागत समारोह से गायब रहे जनप्रतिनिधि व संगठन पदाधिकारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, (अभिषेक वर्मा)। कांग्रेस के बड़े चेहरे, पूर्व विधायक व बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी अजय कपूर को भाजपा में शामिल कराकर भले ही पार्टी नेतृत्व खुद को और मजबूत समझ रहा हो, पर शहर में अजय को भाजपा के कुछ जनप्रतिनिधि व संगठन पदाधिकारी पचा नहीं पा रहे हैं। यही वजह है कि वह अजय के मंच से दूरियां बनाने लगे हैं। 

रविवार को उत्तर भाजपा कार्यालय में अजय कपूर के स्वागत समारोह में एक भी जनप्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ, उत्तर संगठन से जुड़े अधिकतर पदाधिकारी भी नदारद रहे। इसको लेकर पार्टी कार्यालय में चर्चा रही। दिल्ली में भाजपा में शामिल होने के बाद शनिवार को अजय कपूर कानपुर पहुंचे तो उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। 

रविवार को दूसरे दिन भाजपा के उत्तर संगठन ने नवीन मार्केट कार्यालय में अजय कपूर के स्वागत के लिये कार्यक्रम रखा। अजय कपूर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, पर यहां एक भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा। पार्टी कार्यालय की ओर से जारी सूचना के बाद भी उत्तर जिले के पूरे मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और उपाध्यक्ष नहीं पहुंचे। 

14 मंडल अध्यक्षों में सिर्फ एक आया

14 मंडल अध्यक्षों में सिर्फ एक मंडल अध्यक्ष वात्सेय त्रिपाठी ही स्वागत समारोह में पहुंचे। आठ मंडल उपाध्यक्षों में तीन उपाध्यक्ष आशा पाल, आकाश शुक्ला और जगदीश तिवारी पहुंचे। इसी तरह चार महामंत्रियों में जितेंद्र विश्वकर्मा, संतोष शुक्ला व अवधेश सोनकर समारोह में शामिल हुये। उत्तर के आठ मंत्रियों में भी सिर्फ एक मंत्री अनुपम मिश्रा शमिल हुये। दबी जुबान में कुछ लोग अजय कपूर के मंच से दूरिया बनाने की बात कहते रहे। 

इससे पहले शनिवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय व शिवराम सिंह ने अजय का स्वागत किया था। इस दौरान भी अधिकतर कांग्रेसी नेता और अजय के करीबी कार्यालय में जुटे थे। यहां भी भाजपा के जनप्रतिनिधि व कई पदाधिकारी गायब थे।

अजय के अपने साथी बना रहे माहौल

अजय कपूर अपनी ताकत दिखाने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। शनिवार को गोविंद नगर में हुई यात्रा में बड़ी संख्या में बहन फाउंडेशन से जुड़ी पांच हजार महिलाएं सड़कों पर दिखीं थीं। अजय के समर्थक कांग्रेसी नेताओं ने होर्डिंग-बैनर से हवा बनाई। 

रविवार को भी अजय कपूर के साथ कांग्रेसी नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे, हालांकि, इस दौरान कई नीचे खड़े रहे। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में अब अजय कपूर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिला सकते हैं। इसमें मुस्लिमों की संख्या ज्यादा रह सकती है। 

अब पूरा जीवन पीएम मोदी के साथ

नवीन मार्केट में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपू पांडे के नेतृत्व में अजय कपूर का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अजय कपूर ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता मिलकर कानपुर लोकसभा सीट को पांच लाख से भी ज्यादा मतों से जीतकर दिखाएंगे। 

उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन के 35 वर्षों तक कांग्रेस की सेवा की, अब आगे का संपूर्ण जीवन पीएम मोदी जी के साथ बीतेगा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया, मीडिया प्रभारी अंकित बाजपेई, विनय पटेल, रोहित साहू, यश वर्मा, पीयूष आनंद भी रहे।

अभी तक अजय कपूर तिलक हाल जाते थे। पहली बार नवीन मार्केट गये हैं। हमने किसी पदाधिकारी को वहां नहीं बुलाया था। अभी अजय कपूर को कार्यालय देख लेने दीजिये। आगे बड़ा कार्यक्रम करेंगे तो उत्तर-दक्षिण के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बुलाएंगे। आने वाले दिनों में उनके समर्थकों को भाजपा में शामिल किया जायेगा। -प्रकाश पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष, कानपुर-बुंदेलखंड

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस ने कसी कमर...संवेदशील बूथों पर वीडियो कैमरा, ड्रोन से निगरानी

संबंधित समाचार