Moradabad: धूप ने दी फौरी राहत, ठंडी हवा ने बरकरार रखा सर्दी का असर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप निकलने से ठंड से कुछ हद तक निजात मिली। सुबह टहलने निकले लोगों और बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे नागरिकों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही ठंडी हवा चलती रही, जिससे सर्दी का अहसास बना रहा।

धूप निकलने से जहां घरों में तापमान कुछ बेहतर हुआ, वहीं खुले स्थानों पर ठंडी हवा के कारण लोग गर्म कपड़ों में ही नजर आए। दोपहर के समय सूर्य की किरणें तेज रहीं, लेकिन हवा की ठंडक ने पूरी तरह गर्माहट महसूस नहीं होने दी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम होते-होते एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया। 

सूर्यास्त के बाद हवा में ठंडक बढ़ने से लोगों को स्वेटर और जैकेट का सहारा लेना पड़ा। खासकर बुजुर्गों और बच्चों ने ठंडी हवा से बचाव के लिए सावधानी बरती। रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन के बाहर चाय की दुकानों लोग सर्दी से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड बनी रह सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

संबंधित समाचार