Chitrakoot: ARTO ने लगाया लात-घूंसों से पिटाई का आरोप...तहरीर देकर कहा- मेरे चालक से भी की गई मारपीट
चित्रकूट में एआरटीओ ने लात-घूंसों से पिटाई करने का आरोप लगाया
चित्रकूट, अमृत विचार। एआरटीओ प्रवर्तन विवेक कुमार शुक्ल के साथ एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। एआरटीओ का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर जा रहे ट्रक को रोकने और थाने ले जाने के दौरान लगभग 15 लोगों ने उनके और उनके वाहनचालक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
आरोपी हमलावरों में से कुछ को वह पहचानते भी हैं। पुलिस को फोन करने पर आरोपी भाग गए। एआरटीओ ने इस संबंध में राजापुर थाने में तहरीर दी है। एसओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विवेक कुमार शुक्ल ने राजापुर थाने में तहरीर देकर बताया है कि 17 मार्च की रात दस बजे वह राजापुर स्थित यमुना पुल के पास चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान वहां से बालू लादे हुए ट्रक आता दिखा। वाहन में कोई नंबर प्लेट नहीं ती और वह ओवरलोड प्रतीत हो रहा था।
इस पर वह ट्रक को वहीं श्रीगंगा धर्मकांटा पर वजन कराने को ले गए। वजन कराने पर ट्रक 25 टन ओवरलोड निकला। एआरटीओ का कहना है कि ट्रक के सभी पेपर भी फेल थे। इस पर वह ट्रक को राजापुर थाने ले जाने लगे तभी एक बोलेरो और एक स्कार्पियो से आए लगभग 15 लोगों ने उन पर और उनके अनुबंधित वाहन के चालक संदीप शुक्ला पर बुरी तरह हमला कर दिया।
आरोप लगाया कि इन लोगों ने दोनों को लातों और घूसों से पीटा, जिससे चोटें आईं। उनके हाथ से खून बहने लगा और चालक की आंखें घायल हो गईं। एआरटीओ ने बताया कि हमलावरों में से रोहित सिंह, रवि सिंह और ऋषभ सिंह को वह पहचानते हैं। बाकी को भी सामने आने पर पहचान लेंगे।
बताया कि जब उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो आरोपी भाग गए। एआरटीओ ने तहरीर देकर सरकारी अधिकारी पर ड्यूटी के दौरान हमले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भरतकूप क्षेत्र में भी इसी तरह के विवाद का मामला सामने आया था।
एसओ बोले, जांच जारी
राजापुर एसओ मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि फिलहाल दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। प्रथमदृष्टया धक्कामुक्की का मामला लग रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur IIT के अनुबंध कर्मी की हत्या...पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, शरीर पर मिले कई चोटों के निशान
