मुरादाबाद : जिला अस्पताल में भर्ती बंदी पुलिस को चकमा देकर बाथरूम से फरार, खून की उल्टी की शिकायत पर कराया था भर्ती

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

दो दिनों से जिला अस्पताल में चल रहा था बंदी का इलाज, अवैध तमंचे में गिरफ्तार करके संभल से भेजा गया था जेल

मुरादाबाद। जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिपाहियों से बंदी के बारे में जानकारी लेने के बाद उसकी तलाश में जुटी गई है।

जेलर मृत्युंजय पांडे ने बताया कि बीते पांच मार्च को जिला कारागार में अजीत कुमार निवासी रेवाड़ा थाना जुनावाई जनपद संभल को दाखिल किया गया था। पुलिस ने उसे अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था। नशे का आदी होने के कारण बंदी की जिला कारागार में आने के बाद तबियत खराब हो गई थी। 19 मार्च को खून की उल्टियां होने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

5

गुरुवार सुबह करीब नौ बजे बंदी अजीत पुलिस कर्मियों से बाथरूम जाने की बात कहकर बेड से उठकर गया था। इसके बाद वह शौचालय की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर सिपाहियों ने शौचालय के अंदर जाकर देखा तो वह गायब था। घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइंस थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि बंदी के फरार होने की सूचना मिली है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

जिला अस्पताल की सीएमएस संगीता गुप्ता ने बताया कि आरोपी अजीत को खून की उल्टियां और दस्त होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया था। उसका इलाज किया जा रहा था। उसकी हालत में काफी सुधार भी था। आरोपी अजीत बुधवार रात आठ से नौ बार टॉयलेट गया था। गुरुवार सुबह वो बाथरूम से ही बाहर के रास्ते निकला और फरार हो गया।

ये भी पढ़ें : आखिरी सांस तक करेंगे सनातन की सेवा, भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है संकल्प : धीरेंद्र शास्त्री

संबंधित समाचार